|
मंदसौर। जिला शिक्षा कार्यालय, मंदसौर द्वारा आयोजित 70वीं राज्य स्तरीय हॉकी 14 वर्ष बालक प्रतियोगिता का समापन समारोह हॉकी टर्फ मैदान, एमआईटी बायपास, मंदसौर पर हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। फाइनल परिणाम इस प्रकार रहे - - *तृतीय स्थान (Hard Line Match Winner) - सागर संभाग* - *द्वितीय स्थान (उपविजेता) - उज्जैन संभाग* - *प्रथम स्थान (विजेता) - ग्वालियर संभाग* *फाइनल परिणाम -* 1. ग्वालियर V/S उज्जैन संभाग 3-1 से ग्वालियर संभाग विजयी समापन समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती एवं हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। उत्कृष्ट विद्यालय की छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुति दी गई। *मंचासीन अतिथि -* मंदसौर विधायक विपिन जैन, मंदसौर हॉकी फेडरेशन क्लब अध्यक्ष कुलदीप सिंह सिसोदिया, पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी सुश्री टेरेसा मिंज, जिला शिक्षा अधिकारी पंकज जाट, लोक शिक्षण भोपाल के ऑब्जर्वर देवेंद्र बाथम, जिला क्रीड़ा अधिकारी घीसालाल जोगचंद, संयोजक एवं प्राचार्य के.सी. सोलंकी आदि मंचासीन रहे। मंच से अतिथियों द्वारा विजेता, उपविजेता एवं तृतीय स्थान प्राप्त टीमों के खिलाड़ियों, कोच एवं मैनेजरों को ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र, शील्ड, पदक देकर सम्मानित किया गया। इसके पश्चात सभी संभागों के प्रतिभागियों को शील्ड एवं पदक प्रदान किए गए। 70वीं राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता के सफल संचालन में लगी सभी समितियों को भी उत्कृष्ट कार्य के लिए शील्ड एवं प्रमाण पत्र से सम्मानित किया गया। *जिला शिक्षा अधिकारी पंकज जाट ने स्वागत उद्बोधन में बताया* कि स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) लखनऊ द्वारा हॉकी अंडर-14 बालक की *नेशनल प्रतियोगिता* की मेजबानी की जिम्मेदारी भी भगवान पशुपतिनाथ की नगरी मंदसौर जिला प्रशासन को प्राप्त हुई है। यह भव्य आयोजन *8 दिसंबर से 12 दिसंबर तक* होगा, जिसमें भारत के सभी राज्यों की टीमें मंदसौर में अपना प्रदर्शन करेंगी। खेल संयोजक एवं प्राचार्य श्री के.सी. सोलंकी ने पूरे आयोजन के कार्यों की सराहना की। *विधायक विपिन जैन ने उद्बोधन में कहा* कि यह आयोजन आने वाली नेशनल शालेय प्रतियोगिता के पूर्व तैयारी का सुनहरा अवसर है, यदि कोई कमी है तो उसे पहले ही पूर्ण करें। उन्होंने सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के अंत में विधायक विपिन जैन द्वारा हॉकी खेल ध्वज उतार कर लोक शिक्षण भोपाल के ऑब्जर्वर देवेंद्र बॉथम को ध्वज सोपा गया। कलेक्टर दिव्यांक सिंह की रात्रि चौपाल - 70वीं हॉकी राज्य स्तरीय आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं जिला कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने विगत रात्रि में शासकीय बालक उत्कृष्ट छात्रावास में ठहरी विभिन्न संभागीय टीमों के खिलाड़ियों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने खिलाड़ियों से वन-टू-वन चर्चा कर उनका परिचय जाना और प्रतियोगिता से जुड़े उनके अनुभव साझा किए। खिलाड़ियों ने भी उत्साहपूर्वक अपनी बातें रखीं। कलेक्टर महोदय ने छात्रावास के प्रत्येक कक्ष में पहुंचकर खिलाड़ियों, कोच एवं मैनेजर से चर्चा की तथा आवास, भोजन और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने खिलाड़ियों की सुविधाओं का व्यक्तिगत अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इसके पश्चात भोजनशाला पहुंचकर भोजन समिति से चर्चा की और आयोजन को सफल बनाने में तन-मन से जुटी समिति सदस्यों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने प्रचार-प्रसार समिति के सदस्यों से भी संवाद किया। अंत में उत्कृष्ट विद्यालय के विद्यार्थियों से परिचय एवं विचार-विमर्श किया। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आयोजन से जुड़े सभी सदस्यों के साथ सामूहिक फोटो सेशन किया गया। समापन कार्यक्रम का संचालन आशीष बंसल एवं आभार प्रदर्शन जिला क्रीड़ा अधिकारी घीसालाल जोगचंद ने माना। |