सैलाना/रतलाम। ग्राम आम्बा में गणेश पंडाल में वितरित राजगीरा के लड्डुओं में कीड़े, बदबू और फफूंद मिलने की शिकायत के एक दिन बाद खाद्य सुरक्षा विभाग हरकत में आया। शिकायत को लेकर उठे सवालों के बाद खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने शनिवार को सैलाना में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लिए। प्रशासन की इस कार्रवाई से खाद्य सामग्री की गुणवत्ता को लेकर दुकानदारों में भी हलचल रही।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रीति मंडोरिया द्वारा सैलाना स्थित जाकिर हुसैन असगर अली किराना, पंचेड़ वाले का निरीक्षण किया गया। विभागीय जांच के दौरान मौके पर राजगीरा के लड्डू उपलब्ध नहीं मिले। टीम ने दुकान से भागर एवं फरियाली मिक्स आटा के नमूने लिए। निरीक्षण के दौरान दुकान संचालक को आवश्यक सुधार के निर्देश देते हुए सुधार नोटिस भी जारी किया गया।
इसके बाद विभागीय टीम ने सैलाना के एमजी रोड स्थित मुल्ला अब्देली मुल्ला काला भाई के प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया और वहां से गुलाब जामुन मिक्स का नमूना जांच के लिए लिया। इसी क्रम में बादशाह जनरल स्टोर एंड किराना का निरीक्षण कर अरिहंत टर्मरिक पाउडर का नमूना भी लिया गया। संबंधित प्रतिष्ठानों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के साथ-साथ साफ-सफाई व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
नमूने भोपाल भेजे, रिपोर्ट पर तय होगी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा लिए गए सभी खाद्य पदार्थों के नमूने खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम 2006 के तहत मानक स्तर की जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे गए हैं। अब प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट में खाद्य पदार्थ मानकों पर खरे नहीं पाए जाते हैं तो रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।
कल शिकायत, आज प्रशासन की जांच—अब रिपोर्ट पर निगाह
गौरतलब है कि 17 सितंबर को ग्राम आम्बा के ग्रामीणों ने सैलाना थाना प्रभारी को आवेदन देकर आरोप लगाया था कि गणेश पंडाल में प्रसाद के रूप में बांटे गए राजगीरा के लड्डुओं में कीड़े, बदबू और फफूंद थी। ग्रामीणों ने संबंधित दुकान को सील कर खाद्य सामग्री की जांच कराने की मांग की थी। इसके बाद 19 सितंबर को खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा सैलाना में निरीक्षण और नमूना कार्रवाई की गई है।
फिलहाल राजगीरा के लड्डुओं की गुणवत्ता को लेकर लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच रिपोर्ट के बाद ही होगी। प्रशासन द्वारा लिए गए अन्य खाद्य पदार्थों के नमूनों की रिपोर्ट सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि संबंधित खाद्य सामग्री निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों पर खरी उतरती है या नहीं। अब सैलाना सहित आम्बा के लोगों की नजर भोपाल प्रयोगशाला से आने वाली जांच रिपोर्ट पर टिकी है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत