रतलाम। सेवा, संकल्प और सकारात्मकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से गुरुवार शाम कालिका माता झाली तालाब परिसर में आयोजित आशीर्वाद का दिया कार्यक्रम ने रतलाम की शाम को रोशनी के उत्सव में बदल दिया। तालाब परिसर में एक-दो नहीं, बल्कि 30 हजार दीपकों ने ऐसा उजाला बिखेरा कि पूरा परिसर दीपों की आभा से जगमगा उठा। दीपों की रोशनी के बीच भारत का विशाल मानचित्र आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके बाद जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में मौजूद शहरवासियों ने दीप प्रज्वलित किए। देखते ही देखते झाली तालाब परिसर हजारों टिमटिमाते दीपों से रोशन हो गया। महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए दीप प्रज्वलित किए और सेवा एवं संकल्प के इस आयोजन को जनभागीदारी का स्वरूप दिया।
30 हजार दीपों से बना भारत का नक्शा बना आकर्षण
झाली तालाब परिसर में 30 हजार दीपकों से भारत का मानचित्र तैयार किया गया। अंधेरे के बीच दीपों से चमकता भारत का नक्शा आयोजन का सबसे आकर्षक दृश्य रहा। बड़ी संख्या में नागरिकों ने इस मनोहारी दृश्य को देखा और अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया। दीपों की कतारों और भारत के मानचित्र ने पूरे परिसर को भव्य रूप प्रदान किया।
50 स्थानों पर 6 लाख दीपों का उजियारा
सेवा संकल्प अभियान का प्रभाव केवल झाली तालाब तक सीमित नहीं रहा। अभियान के तहत जिले के 50 सार्वजनिक स्थानों पर करीब 6 लाख दीपक प्रज्वलित किए गए। दीप प्रज्वलन के माध्यम से सेवा, संकल्प, एकता और सकारात्मकता का संदेश दिया गया। अलग-अलग सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की सहभागिता ने अभियान को व्यापक जनभागीदारी का रूप दिया।
प्रमुख सचिव से लेकर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने की सहभागिता
कार्यक्रम में प्रमुख सचिव, मध्यप्रदेश शासन जेल विभाग एवं जिले के नोडल अधिकारी श्री मुकेश चन्द्र गुप्ता, कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया, सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, अपर कलेक्टर श्री बृजेंद्र रावत, जिला विकास सलाहकार समिति सदस्य श्री प्रदीप उपाध्याय, विकास प्राधिकरण अध्यक्ष श्री मनोहर पोरवाल, उपाध्यक्ष एवं नगर निगम आयुक्त श्री अनिल भाना तथा रतलाम शहर एसडीएम श्री तरुण जैन सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
सभी ने स्वयं दीप प्रज्वलित कर आशीर्वाद का दिया अभियान में सहभागिता की। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी के बीच जब हजारों दीप एक साथ प्रज्वलित हुए तो झाली तालाब परिसर रोशनी से नहा उठा। आयोजन ने शहरवासियों को सामूहिक सहभागिता, सेवा भावना और सकारात्मक संकल्प का संदेश दिया।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत