सरवन/रतलाम। रतलाम जिले के सरवन थाना क्षेत्र के ग्राम भाटखेड़ी में सोमवार देर रात करीब 10 से 10:30 बजे दर्दनाक हादसा हो गया। खेत में रोशनी अथवा सुरक्षा के लिए बिछाए गए बिजली के तारों की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही करंट लगने से मौत हो गई, जबकि दो युवतियां गंभीर रूप से झुलस गईं। दोनों युवतियों का उपचार रतलाम मेडिकल कॉलेज में जारी बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार ग्राम भाटखेड़ी स्थित एक खेत में बिजली के तार बिछे हुए थे। इसी दौरान लूनी गांव निवासी युवक और दो युवतियां निवासी भाटखेड़ी इन तारों की चपेट में आ गए। करंट लगने से युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दोनों युवतियां गंभीर रूप से झुलस गईं।
घटना के समय एक अन्य युवक के भी वहां मौजूद होने की जानकारी सामने आई है। हादसे के बाद वह मौके से चला गया। उसकी मृतक से क्या रिश्तेदारी अथवा संबंध है और घटना के समय उसकी वास्तविक भूमिका क्या थी, इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।
सूचना पर 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों गंभीर रूप से घायल युवतियों को उपचार के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। पुलिस की सूचना के बाद युवतियों के परिजन भी मेडिकल कॉलेज पहुंचे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे की जानकारी मिलने तक परिजनों को घटना के संबंध में पता नहीं था।
युवक और दोनों युवतियां लूनी से भाटखेड़ी स्थित खेत तक किन परिस्थितियों में पहुंचे थे, यह भी पुलिस जांच का महत्वपूर्ण बिंदु बना हुआ है। घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं, लेकिन युवक-युवतियों के बीच किसी प्रेम प्रसंग की पुष्टि पुलिस ने फिलहाल नहीं की है। इसलिए इस संबंध में किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
सरवन पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस खेत में बिछे बिजली तारों, घटना की परिस्थितियों, मृतक व घायल युवतियों के एक-दूसरे से संबंध तथा मौके से बताए जा रहे फरार युवक की भूमिका सहित विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारण और घटनाक्रम की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत