सैलाना/रतलाम,। सैलाना क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर भारत आदिवासी पार्टी के विधायक कमलेश्वर डोडियार द्वारा शासन स्तर पर उठाए गए मुद्दों के बाद प्रशासन सक्रिय नजर आया। शुक्रवार को रतलाम कलेक्टर अजय कटेसरिया सैलाना पहुंचे और नगर में पैदल भ्रमण करते हुए विभिन्न शासकीय कार्यालयों एवं स्वास्थ्य संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। कलेक्टर के अचानक निरीक्षण से प्रशासनिक अमले में भी सक्रियता दिखाई दी।
कलेक्टर कटेसरिया ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर अस्पताल की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने चिकित्सक जितेंद्र रायकवार से अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सकीय स्टाफ, दवाइयों की स्थिति, मरीजों को मिल रही सुविधाओं, उपचार व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक संसाधनों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने अस्पताल भवन और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं को भी देखा तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) से आवश्यक चर्चा की।
गौरतलब है कि विधायक कमलेश्वर डोडियार ने हाल ही में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की समस्याओं को लेकर शासन को पत्र लिखा था। विधायक ने आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र में बच्चों में बढ़ते कुपोषण, अस्पताल में ईसीजी मशीन और सोनोग्राफी मशीन की आवश्यकता सहित स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी कई समस्याओं को प्रमुखता से उठाया था। विधायक के पत्र के बाद कलेक्टर द्वारा स्वयं अस्पताल पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किए जाने को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) पहुंचकर वहां भर्ती बच्चों एवं उपलब्ध व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और चिकित्सकीय स्टाफ से मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, दवाइयों, उपचार व्यवस्था तथा एनआरसी की कार्यप्रणाली के संबंध में जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
10 करोड़ के नए अस्पताल भवन को लेकर बड़ा कदम
कलेक्टर कटेसरिया ने बताया कि सैलाना में करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले नए अस्पताल भवन को लेकर पूर्व में स्वीकृति प्राप्त है। नए भवन के निर्माण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए वर्तमान में जिस हिस्से में भर्ती मरीजों के कमरे और प्रसव कक्ष संचालित हो रहे हैं, उन्हें एक सप्ताह के भीतर तोड़ने के आदेश जारी किए जाएंगे। इससे नए भवन के निर्माण का रास्ता साफ होगा।
वहीं स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में कलेक्टर ने इसी माह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सोनोग्राफी मशीन लगाए जाने की बात कही। इससे विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं सहित ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्र से उपचार के लिए आने वाले मरीजों को स्थानीय स्तर पर जांच की सुविधा मिलने की उम्मीद है।
कलेक्टर के निरीक्षण के दौरान नगर परिषद, तहसील कार्यालय और पुलिस थाना क्षेत्र सहित अन्य शासकीय व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया। उनके पैदल भ्रमण और औचक निरीक्षण से अधिकारियों एवं कर्मचारियों में भी दिनभर हलचल बनी रही।
इधर विधायक कमलेश्वर डोडियार ने सैलाना अस्पताल की समस्याओं पर त्वरित संज्ञान लेते हुए मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करने तथा स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर सकारात्मक कदम उठाने पर कलेक्टर अजय कटेसरिया का आभार व्यक्त किया है। विधायक ने उम्मीद जताई कि सैलाना के आदिवासी एवं ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में प्रशासन आगे भी ठोस कदम उठाएगा।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत