रतलाम / सरवन। ग्राम बोरदा में भीमा चरपोटा की दर्दनाक मौत के मामले में सरवन पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए घटना के बाद से फरार चल रही मृतक की पत्नी ललिता को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार एवं एडिशनल एसपी राकेश पन्द्रो के निर्देशन में पुलिस टीमों ने करीब 48 घंटे तक लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया। शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे बोरदा-गुड़बेली के आसपास घने जंगल क्षेत्र से ललिता को गिरफ्तार किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल एसपी राकेश पन्द्रो सैलाना एसडीओपी नीलम बघेल ने चार पुलिस टीमों का गठन कर फरार महिला की तलाश शुरू करवाई। टीमों ने घने जंगल, दुर्गम इलाकों और खड़ी फसल के बीच दिन-रात लगातार सर्चिंग की। कठिन परिस्थितियों के बावजूद पुलिस जवानों ने करीब 48 घंटे तक अभियान जारी रखा और आखिरकार महिला को पकड़ने में सफलता हासिल की।
इस पूरी कार्रवाई में एसडीओपी नीलम बघेल, रावटी एसडीओपी थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह गडरिया, सरवन थाना प्रभारी अर्जुन सेमलिया, बेडदा चौकी प्रभारी एसआई जगदीश सिंह तोमर सहित सरवन थाना बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
गिरफ्तार ललिता को सैलाना न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस को पूछताछ के लिए दो दिन की पुलिस रिमांड मिली है। अब पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है। पूछताछ के बाद ही वारदात की असली वजह, घटनाक्रम और किसी अन्य व्यक्ति की संभावित भूमिका का खुलासा हो सकेगा।
सरवन थाना प्रभारी अर्जुन सेमलिया ने बताया कि मामले में पूछताछ और आगे की जांच जारी है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत