रतलाम / सैलाना। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की खुशियों से सैलाना नगर भक्तिमय वातावरण में सराबोर नजर आया। आपका अपना परिवार एवं सैलाना सामाजिक सेवा समिति, सैलाना द्वारा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर आयोजित 13वां श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव श्रद्धा, उमंग और सामाजिक एकता के अद्भुत संगम के रूप में संपन्न हुआ। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, युवाओं और नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
महोत्सव का मुख्य आकर्षण मटकी फोड़ प्रतियोगिता रही। भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप की लीलाओं की याद दिलाने वाली इस रोमांचक प्रतियोगिता में युवाओं ने पूरे जोश और उत्साह के साथ भाग लिया। जैसे ही प्रतियोगिता शुरू हुई, वातावरण में उत्साह चरम पर पहुंच गया। महाकाल ग्रुप ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने दमखम और टीमवर्क का परिचय दिया तथा पहले ही राउंड में मटकी फोड़कर विजय हासिल कर ली।
महाकाल ग्रुप द्वारा मटकी फोड़ते ही आयोजन स्थल तालियों और भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से गूंज उठा। युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला और पूरा परिसर कुछ समय के लिए नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की के जयघोष से भक्तिमय हो गया।
विजेता महाकाल ग्रुप को रात्रि करीब 1 बजे ₹3,100 की नगद पुरस्कार राशि प्रदान की गई। इसके साथ ही विजेता टीम को भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करते हुए महाकाल ग्रुप के सदस्यों में भी खासा उत्साह नजर आया।
कार्यक्रम के दौरान धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक समरसता और भाईचारे का भी सुंदर संदेश देखने को मिला।
आयोजन में नगर के विभिन्न वर्गों की सहभागिता ने इसे और भी खास बना दिया। युवाओं की ऊर्जा, श्रद्धालुओं की आस्था और नगरवासियों के उत्साह ने जन्माष्टमी महोत्सव को यादगार बना दिया।
आपका अपना परिवार एवं सैलाना सामाजिक सेवा समिति ने आयोजन को सफल बनाने में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी सदस्यों, पत्रकार बंधुओं, श्रद्धालुओं, युवाओं और नगरवासियों का हृदय से आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी इसी प्रकार सामाजिक एवं धार्मिक आयोजनों में सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत