|
आगर-मालवा : संत शिरोमणि गुरु श्री रविदास जी महाराज की जयंती के उपलक्ष्य में शासन द्वारा आयोजित समरसता संकल्प एवं कलश वंदन यात्रा का जिले में निरंतर भ्रमण जारी है। यह यात्रा 20 अगस्त 2026 को आगर से प्रारंभ हुई थी। यात्रा बुधवार को पांचवे दिन नलखेड़ा विकासखंड के विभिन्न ग्रामों से होते हुए सुसनेर तहसील के देवपुर, अंतरालिया, सिरपोई, धारूखेड़ी, कजलास ग्रामों में पहुंची। गुरुवार 27 अगस्त 2026 को यह यात्रा सुसनेर तहसील के परसोलिया, गेलाना, जाखली, जाख सहित अन्य ग्रामों का भ्रमण करेगी। जिला संयोजक आदमी जाति कल्याण श्री शेखर उइके ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि यात्रा के दौरान संत श्री रविदास जी महाराज के जन्म स्थान सिर गोवर्धनपुर, वाराणसी की पावन माटी का ग्राम-ग्राम में पूजन किया जा रहा है। साथ ही नुक्कड़ सभाओं के माध्यम से संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज के समरसता, समानता एवं सामाजिक सद्भावना के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। यात्रा में स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, ग्रामीणजन एवं आदिम जाति कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे। |