|
आगर-मालवा। आगामी त्योहारों को दृष्टिगत रखते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा मिष्ठान दुकानों की लगातार जांच, निरीक्षण एवं नमूने लेने की कार्रवाई की जा रही है। खाद्य सुरक्षा आयुक्त एवं कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना के निर्देशानुसार बुधवार को खाद्य सुरक्षा टीम ने आगर बस स्टैंड क्षेत्र स्थित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री बी.एस. जामोद ने बताया कि कार्रवाई के दौरान अरविन्द कैफे हाउस से मलाई बर्फी, अधिराज कैफे से मावा कतली, अम्बिका स्वीट्स एवं नमकीन भंडार से मावे के लड्डू तथा शिव शक्ति मिष्ठान भंडार से मावा के नमूने लिए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री जामोद ने सभी खाद्य कारोबारियों को निर्देशित किया है कि वे खाद्य पदार्थों के निर्माण एवं विक्रय के दौरान साफ-सफाई, स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखें, ताकि उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके। |