रतलाम। बिलपांक थाना क्षेत्र में सराफा व्यापारी से हुई करोड़ों रुपये की लूट के मामले में रतलाम पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने वारदात के बाद से फरार चल रहे आरोपी गौरव गुर्जर पिता भागीरथ गुर्जर निवासी हरसोला, इंदौर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लूटे गए 502 ग्राम सोने के जेवरात और 1 किलो 270 ग्राम चांदी के जेवरात, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 80 लाख रुपये है, बरामद किए हैं। आरोपी से लूट की वारदात में उसकी भूमिका और अन्य लूटे गए मशरूके के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
मामला 13 अगस्त 2026 की रात का है। फरियादी अर्पित पिता ललित कुमार चोरड़िया निवासी जैन कॉलोनी रतलाम, जो सोने-चांदी के आभूषणों का व्यवसाय करते हैं, बड़नगर से व्यापारिक कार्य पूरा कर बस से रतलाम लौट रहे थे। रात करीब 9:15 से 9:30 बजे के बीच हनुमान चौकी, उमरथाना फंटा क्षेत्र में आरोपियों ने बस में उनके साथ मारपीट कर आभूषणों से भरा बैग लूट लिया था। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना बिलपांक में अपराध क्रमांक 534/2026, धारा 309(6) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान डकैती एवं आपराधिक षड्यंत्र की संबंधित धाराओं का इजाफा किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री अमित कुमार (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विवेक कुमार लाल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राकेश पंद्रो के मार्गदर्शन तथा ए.डी.ओ.पी. रतलाम ग्रामीण श्री किशोर पाटनवाला के निर्देशन में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया।
पुलिस टीमों ने घटनास्थल से लेकर बड़नगर तक 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज, साइबर तकनीकी साक्ष्यों और मैदानी पुलिसिंग के जरिए आरोपियों की पहचान की। मामले में पूर्व में 07 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 4.167 किलोग्राम सोने के 238 नग जेवरात तथा 4.047 किलोग्राम चांदी के 183 नग जेवरात, डिब्बों सहित बरामद किए जा चुके हैं।
फरार आरोपी गौरव गुर्जर की तलाश में विशेष टीम लगातार जुटी हुई थी। प्राप्त सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने उसे आज सुबह गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर उसके हिस्से में आए 502 ग्राम सोने और 1 किलो 270 ग्राम चांदी के जेवरात बरामद किए गए।
इस कार्रवाई में निरीक्षक अय्यूब खान थाना प्रभारी बिलपांक, प्रधान आरक्षक राहुल जाट, प्रधान आरक्षक नरेन्द्र चावड़ा, प्रधान आरक्षक निलेश पाठक, प्रधान आरक्षक दिलीप रावत, आरक्षक संजय सोनी, आरक्षक रोशन राठौर एवं आरक्षक माखन सिंह की सराहनीय भूमिका रही। रतलाम पुलिस की इस कार्रवाई से करोड़ों की लूट के मामले में फरार आरोपी तक पहुंचने के साथ ही बड़ी मात्रा में लूट का माल बरामद करने में सफलता मिली है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत