रतलाम / सैलाना। पर्यावरण संरक्षण, हरियाली संवर्धन और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का संदेश देते हुए सैलाना पैलेस परिसर में मंत्रोच्चार के साथ पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। सैलाना राजवंश के महाराजा विक्रम सिंह जी एवं सैलाना सरोकार ग्रुप के सदस्यों की सहभागिता में आयोजित इस विशेष अभियान के दौरान परिसर में कुल 51 पौधे रोपे गए। धार्मिक एवं पर्यावरणीय भावनाओं के समन्वय से हुए इस पौधारोपण कार्यक्रम ने उपस्थित लोगों को प्रकृति संरक्षण के प्रति प्रेरित किया।
पौधारोपण से पूर्व मंत्रोच्चार किया गया, जिसके पश्चात महाराजा विक्रम सिंह जी सहित सरोकार ग्रुप के सदस्यों ने परिसर के विभिन्न स्थानों पर पौधे लगाए। इस दौरान फलदार, फूलदार, औषधीय एवं छायादार प्रजातियों के पौधों का चयन किया गया, ताकि आने वाले समय में पैलेस परिसर की हरियाली और अधिक समृद्ध हो सके।
इस अवसर पर महाराजा विक्रम सिंह जी ने कहा कि देशभर में पर्यावरण संरक्षण को लेकर पौधारोपण अभियान चलाए जा रहे हैं।
इसी क्रम में एक पेड़ माँ के नाम अभियान की भावना को आगे बढ़ाते हुए सैलाना पैलेस परिसर में भी पौधारोपण किया गया है। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण करना भी उतना ही आवश्यक है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में अधिक से अधिक पौधे लगाने और उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखने का संकल्प लेना चाहिए।
सैलाना पैलेस परिसर पहले से ही अपनी प्राकृतिक एवं पर्यावरणीय विशेषताओं के लिए प्रसिद्ध है। इसी परिसर में विश्व प्रसिद्ध कैक्टस गार्डन स्थित है, जहां कैक्टस की हजारों प्रजातियां मौजूद हैं। इसके अलावा परिसर में विशाल एवं सुंदर उद्यान भी है, जो सैलाना की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यावरणीय विरासत को विशेष पहचान प्रदान करता है। ऐसे में 51 नए पौधों का रोपण परिसर की हरियाली को और विस्तार देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
पौधारोपण अभियान में सैलाना सरोकार ग्रुप ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। कार्यक्रम में इंद्रेश चंडालिया, जितेंद्र सिंह राठौड़, हरीश सिलावट, शेरसिंह राठौड़ एवं पंडित आशीष पांडे सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सदस्यों ने पौधों की नियमित देखभाल करने तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश समाज के अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का संकल्प लिया। सैलाना पैलेस परिसर में आयोजित यह पौधारोपण अभियान धार्मिक आस्था, पर्यावरण चेतना और सामाजिक सहभागिता का सुंदर संगम बनकर सामने आया।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत