|
|
जनसमस्याओं के त्वरित समाधान से मजबूत होगा आमजन का शासन पर विश्वास आगर : मुख्य सचिव श्री अशोक वर्णवाल ने मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए हैं कि अभियान के तहत प्राप्त शिकायतों और समस्याओं का संतुष्टिपूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने लोक सेवा प्रदाय गारंटी अधिनियम एवं सीएम हेल्पलाइन से संबंधित शिकायतों के निराकरण को अभियान में सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। मुख्य सचिव ने बिगड़े ट्रांसफार्मर, बिगड़े हैंडपंप, 108 एंबुलेंस सेवा तथा विद्यालयों से ड्रॉपआउट बच्चों से संबंधित शिकायतों का भी प्राथमिकता के साथ निराकरण करने को कहा है। उन्होंने कहा कि शासन की सेवाओं, योजनाओं और संस्थाओं का लाभ आमजन तक सहजता से पहुंचना चाहिए। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए शासन द्वारा लगभग 50 बिंदु निर्धारित किए गए हैं। कलेक्टर डॉ शेर सिंह मीना ने जिले के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि निर्धारित बिंदुओं के अनुरूप कार्यवाही सुनिश्चित करते हुए आमजनों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करें और उन्हें शासन की सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ समय पर दिलाएं। |