|
|
शिक्षा, स्वास्थ्य, ऊर्जा और आधारभूत विकास में जावद बना नई पहचान जावद/सिंगोली। जावद विधानसभा क्षेत्र से वर्ष 2003 से लगातार प्रतिनिधित्व कर रहे विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश सकलेचा के 23 वर्षों के कार्यकाल को क्षेत्र के विकास के महत्वपूर्ण दौर के रूप में देखा जा रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य, ऊर्जा, कृषि और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में किए गए कार्यों के चलते जावद ने प्रदेश ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी अलग पहचान बनाई है। शिक्षा के क्षेत्र में जावद को देश का पहला ग्रामीण एआई और डिजिटल मॉडल बताया जा रहा है। यहां 1,500 से अधिक सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और कोडिंग की शिक्षा दी जा रही है। डिजिटल स्मार्ट बोर्ड के माध्यम से पढ़ाई की व्यवस्था लागू की गई है। छात्राओं को जापानी भाषा का प्रशिक्षण देने तथा कृषि क्षेत्र में उच्च अध्ययन के लिए जापान भेजने जैसी पहल भी की गई है। साथ ही विशेष ऑनलाइन कोचिंग के माध्यम से ग्रामीण विद्यार्थियों को नीट और जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जा रही है, जिससे कई विद्यार्थियों का चयन प्रतिष्ठित संस्थानों में हुआ है। प्रदेश सरकार की नई शिक्षा नीति के तहत जावद और सिंगोली में आधुनिक सांदीपनि विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं। लगभग 25 से 35 करोड़ रुपये की लागत से बने इन विद्यालयों में डिजिटल कक्षाएं, विज्ञान प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय, खेल परिसर, संगीत और नृत्य जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। विद्यार्थियों को परिवहन सुविधा के साथ विभिन्न प्रोत्साहन योजनाओं का लाभ भी दिया जा रहा है। ऊर्जा के क्षेत्र में भगवानपुरा में 135 मेगावाट क्षमता का सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किया गया, जिसका लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया गया था। क्षेत्र में फीडर सेपरेशन और नए बिजली उपकेंद्रों की स्थापना से किसानों को सिंचाई के लिए बेहतर विद्युत आपूर्ति उपलब्ध हो रही है। स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में बदलता जावद अभियान के अंतर्गत 1.45 लाख से अधिक लोगों की नि:शुल्क जांच और उपचार किए जाने का दावा किया गया है। जावद सिविल अस्पताल के आधुनिकीकरण के साथ सिंगोली में 50 बिस्तरों वाले नए अस्पताल को स्वीकृति मिली है। ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक आयोजनों के लिए 120 से अधिक सामुदायिक डोम का निर्माण भी कराया गया है। रोजगार और कृषि के क्षेत्र में औद्योगिक क्लस्टर विकसित करने, युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने तथा किसानों को जीरो बजट खेती और कृषि आधारित आधुनिक तकनीकों से जोड़ने की दिशा में भी कार्य किए गए हैं। इस अवसर पर विधायक ओमप्रकाश सकलेचा ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल विकास कार्य कराना नहीं, बल्कि जावद के अंतिम व्यक्ति और प्रत्येक बच्चे को आधुनिक तकनीक और बेहतर अवसरों से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि 23 वर्षों की यह विकास यात्रा क्षेत्र की जनता के विश्वास और सहयोग का परिणाम है। रिपोर्ट : दिनेश जी जोशी |