रतलाम। इंदौर में आयोजित राष्ट्रीय सब जूनियर किक बॉक्सिंग प्रतियोगिता में रतलाम जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले के साथ-साथ मध्य प्रदेश का नाम भी राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया। वाको इंडिया के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देश के 23 राज्यों से 2500 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जहां कड़े मुकाबलों के बीच रतलाम के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
मध्य प्रदेश की ओर से 83 खिलाड़ियों का दल प्रतियोगिता में शामिल हुआ, जिसने कुल 14 पदक हासिल किए। इनमें 1 स्वर्ण, 3 रजत और 10 कांस्य पदक शामिल हैं। इस उपलब्धि में रतलाम जिले के डिफेंस कराटे अकैडमी के खिलाड़ियों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।
अकैडमी की खिलाड़ी केशवी वर्मा ने 21 किलोग्राम वर्ग तथा हर्ष गुर्जर ने +69 किलोग्राम वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किए। वहीं आराध्या शर्मा और सुरभि सेठिया ने भी शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रदेश स्तर पर पांचवां स्थान प्राप्त कर जिले को गौरवान्वित किया।
मध्य प्रदेश टीम में रतलाम जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए सूरज केसरी ने कोच के रूप में खिलाड़ियों का सफल मार्गदर्शन किया, जबकि आकांक्षा यादव ने प्रतियोगिता में निर्णायक (रेफरी) की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई।
इस उपलब्धि पर एमेच्योर किक बॉक्सिंग एसोसिएशन ऑफ मध्य प्रदेश के अध्यक्ष विनोद सांडवले एवं प्रदेश महासचिव आशुतोष दादीच, जिला किक बॉक्सिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष शुभम तलोदिया, सचिव जितेंद्र राठौर तथा डिफेंस कराटे प्रशिक्षण संस्थान के अध्यक्ष जयेश राठौर ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
खिलाड़ियों की इस सफलता पर यतेंद्र भारद्वाज, चिराग असरानी, शुभम चौहान, पायल योगी, शिव आदित्य सिंह, जीवन साहू, शुभम खराड़ी, नकुल खरोल, शेख शरीफ उद्दीन, केशव गुर्जर, राजवर्धन सिंह राठौड़, तन्नू पांचाल, आशुतोष प्रजापत, श्रद्धा तलोदिया एवं प्रकाश गुर्जर सहित खेल प्रेमियों और शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
राष्ट्रीय स्तर पर मिली इस सफलता से रतलाम जिले में खेल प्रतिभाओं के प्रति उत्साह का माहौल है और आने वाले समय में खिलाड़ियों से और भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत