करनाल की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उप निरीक्षक (अ) पूनम शर्मा का शानदार प्रदर्शन, पूरे रतलाम जिले में खुशी की लहर
रतलाम / इंदौर
प्रतिभा, परिश्रम और अनुशासन का संगम जब लक्ष्य से मिलता है तो सफलता इतिहास रचती है। ऐसा ही कर दिखाया है रतलाम जिले की सैलाना तहसील के धामनोद की बेटी एवं शासकीय रेल पुलिस (जीआरपी) इंदौर में पदस्थ उप निरीक्षक (अ) पूनम शर्मा ने। हरियाणा के करनाल स्थित मधुबन पुलिस अकादमी में 23 से 27 मई 2026 तक आयोजित तृतीय अखिल भारतीय पुलिस वेटलिफ्टिंग क्लस्टर 2026-27 के अंतर्गत आयोजित राष्ट्रीय पुलिस योगासन स्पोर्ट्स प्रतियोगिता में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए सीनियर वर्ग (सी) की ट्रेडिशनल योगासन स्पर्धा में कांस्य पदक अपने नाम किया।
देशभर की राज्य पुलिस इकाइयों तथा केंद्रीय पुलिस संगठनों के बीच हुई इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में पूनम शर्मा ने अपनी योग साधना, एकाग्रता और उत्कृष्ट कौशल का परिचय देते हुए मध्य प्रदेश पुलिस को गौरवान्वित किया। राष्ट्रीय स्तर पर मिली इस सफलता ने न केवल उनके व्यक्तिगत संघर्ष और समर्पण को सम्मान दिलाया, बल्कि धामनोद, सैलाना और पूरे रतलाम जिले का नाम भी रोशन कर दिया।
पूनम शर्मा की यह उपलब्धि विशेष रूप से उन युवाओं और महिला खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनकर सामने आई है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखते हैं। पुलिस सेवा की जिम्मेदारियों के साथ-साथ योग के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतना उनकी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का प्रमाण है।
उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर मध्य प्रदेश पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों, जीआरपी इंदौर के अधिकारियों-कर्मचारियों, खेल प्रेमियों तथा क्षेत्रवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है।
धामनोद क्षेत्र में भी उनकी सफलता को लेकर उत्साह का माहौल है और लोगों का कहना है कि पूनम शर्मा ने साबित कर दिया है कि ग्रामीण अंचल की बेटियां भी राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकती हैं।
राष्ट्रीय पुलिस योगासन स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर पूनम शर्मा ने एक बार फिर यह संदेश दिया है कि मेहनत और आत्मविश्वास के दम पर हर मंजिल हासिल की जा सकती है।
Crime reporter Jitendra Kumawat