रतलाम...
जनजातीय संस्कृति, परंपरा और अधिकारों की बुलंद आवाज को राष्ट्रीय मंच देने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले विशाल “जनजातीय सांस्कृतिक समागम-2026” में भाग लेने के लिए शनिवार सुबह रतलाम जिले से बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, जनजातीय समाज के प्रतिनिधि एवं सामाजिक संगठनों के सदस्य दिल्ली के लिए रवाना हुए।
रतलाम रेलवे स्टेशन पर सुबह से ही उत्साह और जोश का माहौल देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने भारत माता, भगवान बिरसा मुंडा और जनजातीय एकता के नारों के साथ दिल्ली प्रस्थान किया।
कई कार्यकर्ता ट्रेन के माध्यम से रवाना हुए, वहीं बड़ी संख्या में लोग निजी वाहनों और बसों से भी अलग-अलग जत्थों में दिल्ली के लिए निकल पड़े। रेलवे स्टेशन पर पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचे युवाओं और महिलाओं ने वातावरण को जनजातीय रंग में रंग दिया।
यह भव्य आयोजन 24 मई 2026 को दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किला मैदान में आयोजित होगा, जहां देशभर से लाखों जनजातीय प्रतिनिधियों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। कार्यक्रम को भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती वर्ष को समर्पित किया गया है।
समागम की थीम
“तू मैं एक रक्त – वनवासी, ग्रामवासी, नगरवासी – हम सब भारतवासी”
रखी गई है, जो सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता का संदेश देगी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह होंगे।
आयोजन में देश की 500 से अधिक जनजातियों के लगभग 1.5 लाख प्रतिनिधियों के शामिल होने का अनुमान है। यहां जनजातीय संस्कृति, लोक नृत्य, पारंपरिक संगीत, कला और परंपराओं का भव्य प्रदर्शन किया जाएगा।
आयोजक जनजाति सुरक्षा मंच के अनुसार, यह केवल सांस्कृतिक आयोजन नहीं बल्कि जनजातीय अस्मिता और अधिकारों का राष्ट्रीय महाआंदोलन भी है। कार्यक्रम में डिलिस्टिंग बिल की मांग प्रमुख रूप से उठाई जाएगी। इस मांग के तहत धर्म परिवर्तन करने वाले व्यक्तियों को अनुसूचित जनजाति सूची से हटाने का प्रावधान लागू करने की बात कही जा रही है, ताकि मूल जनजातीय समाज को मिलने वाले आरक्षण और सरकारी सुविधाओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
समागम में विशाल शोभायात्राएं, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और केंद्र सरकार को जनजातीय समाज की मांगों से जुड़ा ज्ञापन सौंपने का कार्यक्रम भी रहेगा।
रतलाम जिले से जनजातीय सांस्कृतिक समागम में शामिल होने के लिए भारी उत्साह देखने को मिला। आयोजकों द्वारा रतलाम से लगभग 10 हजार लोगों के पहुंचने का लक्ष्य रखा गया था, जिसमें जिलेभर से बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और जनजातीय समाज के लोग शामिल हुए। शनिवार सुबह करीब 10 बजे अनुमानित 5 से 7 हजार कार्यकर्ता ट्रेन एवं निजी वाहनों से दिल्ली के लिए रवाना हुए। रेलवे स्टेशन पर जयघोष और जनजातीय एकता के नारों के बीच कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर दिखाई दिया
रतलाम सहित पूरे मध्यप्रदेश से हजारों की संख्या में लोगों का दिल्ली पहुंचना इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाने की ओर संकेत कर रहा है। आयोजकों ने प्रतिभागियों को समय पर पहुंचने और भीड़ को देखते हुए आवश्यक सावधानी बरतने की अपील भी की है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत