रतलाम / बाजना
किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, सरकारी योजनाओं और उन्नत खेती के तौर-तरीकों से जोड़ने के उद्देश्य से बाजना विकासखंड में शनिवार को उन्नत कृषि अभियान रथ का शुभारंभ किया गया। क्षेत्रीय विधायक कमलेश्वर डोडियार ने हरी झंडी दिखाकर कृषि जागरूकता रथ को रवाना किया। यह अभियान वर्ष 2026 को कृषि वर्ष के रूप में मनाए जाने के उपलक्ष्य में प्रारंभ किया गया है, जिसके तहत आगामी 10 दिनों तक रथ विभिन्न ग्राम पंचायतों और प्राथमिक कृषि ऋण समितियों में भ्रमण करेगा।
कार्यक्रम में विधायक कमलेश्वर डोडियार ने कहा कि किसानों की समृद्धि ही प्रदेश और देश की प्रगति का आधार है। सरकार द्वारा कृषि, पशुपालन, उद्यानिकी, मत्स्य पालन और कृषि अभियांत्रिकी विभागों के माध्यम से संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी अब सीधे गांव-गांव पहुंचाई जाएगी। इस अभियान से किसानों को नई तकनीकों, आधुनिक उपकरणों और कृषि में नवाचारों का लाभ मिलेगा, जिससे उत्पादन बढ़ेगा और लागत में कमी आएगी।
बाजना विकासखंड में आयोजित इस कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष कैलाश मुनिया, जनपद सदस्य कमल डामर, भारत आदिवासी पार्टी के ब्लॉक उपाध्यक्ष रामा दामा, भाजपा नेता लग्जी चरपोटा, सांसद प्रतिनिधि संजय टांक, कृषि अधिकारी मंडलोई, मांगीलाल खराड़ी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं किसान उपस्थित रहे।
किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग द्वारा संचालित इस विशेष अभियान में प्रत्येक विकासखंड की 3 से 4 ग्राम पंचायतों में कृषि रथ पहुंचेगा। इस दौरान कृषि वैज्ञानिक, विभागीय अधिकारी, कृषि उद्यमी एवं प्रगतिशील किसान स्थानीय कृषकों को खरीफ फसल की तैयारी, उन्नत बीज, सिंचाई प्रबंधन, जैविक खेती और सरकारी अनुदान योजनाओं की विस्तृत जानकारी देंगे।
क्षेत्र के किसानों में इस अभियान को लेकर उत्साह देखा गया। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की पहल से खेती-किसानी में नई दिशा मिलेगी और किसानों को सीधे लाभकारी योजनाओं से जोड़ने में मदद मिलेगी।