|
मंदसौर : श्रीमान मनोज कुमार तिवारी, माननीय विशेष न्यायाधीश महोदय (अजा/अजजा एक्ट), मंदसौर द्वारा पीडिता (फरियादिया) के अपने लिखित आवेदन, पुलिस एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष दर्ज कथनों से मुकरने तथा न्यायालय के समक्ष विपरीत बयान देने के मामले में पीडिता (फरियादिया) के विरुद्ध विधि अनुसार परिवाद प्रस्तुत करने का आदेश पारित किया गया है। श्री गजराज सिंह चौहान, सहायक निदेशक अभियोजन द्वारा बताया कि पीडिता के द्वारा अभियुक्तगण के विरूद्ध स्वयं के हस्ताक्षर से एक लिखित आवेदन प्रस्तुत करते हुए लेख किया गया कि अभियुक्त ने नौकरी लगाने के लिये उससे 30,000/- रूपये प्राप्त किये तथा उसके साथ बलात्कार किया साथ ही अन्य अभियुक्त के द्वारा भी उसके साथ बलात्कार किया गया, उसे जाने से मारने की धमकी दी गई तथा मारपीट की गई। इस लिखित आवेदन के आधार पर अभियुक्तगण के विरूद्ध अपराध पंजीबद्ध किया गया। इस मामले में पीडिता के शपथ-पर कथन न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी के समक्ष कराये गये, जिसे कि पीडिता के अनुसार लेख किया गया था, उसे यह भी समझाया गया कि वह स्वेच्छयापूर्ण कथन करे। उक्त कथन में पीडिता ने अभियुक्त के द्वारा नौकरी के लिये 30,000/- रूपये की मांग करने और उसके साथ बलात्कार करने का कथन दिया साथ ही यह भी कथन दिया कि अन्य अभियुक्त ने भी उसके साथ बलात्कार किया और दोनों अभियुक्त ने उसके साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। यह भी लेख कराया कि अभियुक्तगण ने उसके फोटो वायरल करने की भी धमकी दी। माननीय न्यायालय के समक्ष विचारण के दौरान पीडिता ने दिनांक 20.11.2026 को कथन करते हए, स्वयं के द्वारा प्रस्तुत की गई लिखित शिकायत में वर्णित तथ्यों तथा प्रथम सूचना रिपोर्ट में वर्णित तथ्यों के साथ-साथ न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी के समक्ष दिये गये कथनों एवं पुलिस कथन से पूर्ण रूप से इंकार किया। उसके द्वारा यह कहा गया कि अभियुक्तगण ने उसके साथ कोई आपराधिक कृत्य नहीं किया न ही बलात्कार किया और न ही जान से मारने की धमकी दी, न ही उसके साथ मारपीट की गई और न ही नौकरी के लिये पैसों की मांग करते हुए 30,000/- रूपये प्राप्त किये गये। इस प्रकार पीडिता के द्वारा माननीय विचारण न्यायालय के समक्ष उसके द्वारा की गई समस्त कार्यवाही से इंकार करने पर पीडिता द्वारा किया गया उक्त कृत्य दण्डनीय अपराध होने से माननीय विचारण न्यायालय द्वारा अभियोक्त्री के विरूद्ध परिवाद प्रस्तुत करने का आदेश पारित किया। साथ ही कलेक्टर महोदय मंदसौर को भी पत्र लेखकर निर्देशित किये जाने का इस आशय का आदेश किया है कि यदि इस मामले में पीडिता को अनुसूचित जाति-जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के अधीन निर्मित किसी नियम के अधीन प्रतिकर की राशि प्रदान की गई है तो उसकी वापस वसूली की प्रक्रिया प्रारंभ कर उसे वसूल किया जाए। |