आगर-मालवा : मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत आगर मालवा जिले की सुसनेर तहसील के ग्राम मैना में कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना, जिला पंचायत सीईओ श्री बी.एस. सोलंकी, नगर परिषद अध्यक्ष श्री प्रदीप सोनी, पूर्व विधायक श्री राणा विक्रम सिंह, श्री बाबूलाल यादव एवं श्री सौरभ जैन एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में क्लस्टर स्तरीय जनविश्वास शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर में कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने उपस्थित ग्रामीणजनों की समस्याएं सुनीं और उनका निराकरण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
प्राप्त 91 आवेदन में से 89 का हुआ निराकरण
शिविर में कुल 91 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 89 आवेदनों का निराकरण किया गया और सिंचाई विभाग द्वारा 02 आवेदनों के निराकरण की कार्यवाही की जा रही है। शिविर में खाद्य विभाग के 11, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के 36, पशुपालन विभाग के 1, पुलिस विभाग के 2, महिला बाल विकास विभाग के 12, राजस्व विभाग के 18, लोक सेवा के 3, सामाजिक न्याय के 4 एवं सिंचाई विभाग के 4 आवेदन प्राप्त हुए।
शिविरों का लाभ उठाएं ग्रामीणजन
शिविर को संबोधित करते हुए कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने कहा कि मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविर ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण करने के लिए आयोजित हो रहे हैं। ग्रामीणजन इन शिविरों का लाभ उठाएं एवं विभागीय अधिकारियों द्वारा दी जा रही योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ लेने के लिए पात्रतानुसार आवेदन प्रस्तुत करें। यथासंभव शिविर में ही उनकी समस्याओं का संबंधित विभाग द्वारा निराकरण किया जाएगा। कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने कहा कि हर शुक्रवार को जिले के विभिन्न स्थानों पर क्लस्टर स्तर पर शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। ग्रामीणजन जागरूक होकर इन शिविरों का लाभ उठाएं।
जनप्रतिनिधियों ने रखे क्षेत्र की समस्याओं से जुड़े विषय
इस अवसर पर पूर्व विधायक श्री राणा विक्रम सिंह ने अपने उद्बोधन में क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए किए गए प्रयासों के बारे में बताते हुए मैना में पुलिया निर्माण करवाए जाने और कुण्डालिया डेम से सिंचाई नहरों से वंचित क्षेत्र के 72 गांवों को नहरों से सिंचाई का पानी उपलब्ध कराने की मांग कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना से की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर परिषद अध्यक्ष श्री प्रदीप सोनी ने कहा कि सरकार आपके गांव में आपके द्वार पर आई है, सभी ग्रामीण इसका लाभ उठाएं और अपनी समस्याओं का समाधान करें। कार्यक्रम को श्री बाबूलाल यादव, मार्केटिंग अध्यक्ष श्री लक्ष्मण सिंह कांवल, श्री सौरभ जैन ने भी संबोधित किया।
विभागों ने दी योजनाओं की जानकारी, स्टॉल पर हुआ आवेदनों का पंजीयन
शिविर में विभिन्न विभागों के जिलाधिकारियों ने जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी देते हुए उनका लाभ उठाने की प्रक्रिया भी बताई। शिविर स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा अपने विभाग से संबंधित स्टॉल लगाकर ग्रामीणों की समस्याओं एवं आवेदनों का पंजीयन किया और मंच से एक-एक कर विभागवार प्राप्त आवेदनों के निराकरण की जानकारी से अवगत कराया।
प्रारंभ में अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर शिविर का शुभारंभ किया। तत्पश्चात श्री भेरूसिंह, श्री गोपाल सिंह, श्री प्रधानसिंह, श्री हरिसिंह, श्री मुकेश, श्री लखन सेन आदि ने मंचासीन अतिथियों का पुष्प हार से स्वागत किया। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर सुश्री अर्पिता राय, एसडीओपी श्री देवनारायण यादव, जनपद सीईओ श्री अभिषेक यादव सहित क्षेत्र के स्थानीय जनप्रतिनिधि, पत्रकारगण, त्रि-स्तरीय पंचायतों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।