|
भर्ती बच्चों की माताओं से की चर्चा, व्यवस्थाओं के बारे में ली जानकारी सैम एवं मैम श्रेणी के बच्चों की स्वास्थ्य देखभाल का लिया जायजा आगर-मालवा : कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने जन विश्वास अभियान के तहत् शासकीय चिकित्सालय सुसनेर पहुंचकर शुक्रवार को पोषण पुनर्वास केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर डॉ. मीना ने सैम एवं मैम श्रेणी के बच्चों की स्वास्थ्य देखभाल का जायजा लिया। उन्होंने केंद्र में भर्ती बच्चों के स्वास्थ्य, वजन, पोषण आहार तथा चिकित्सकीय देखभाल की व्यवस्था के बारे में बच्चों की माताओं और संबंधित अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। कलेक्टर डॉ. मीना ने पोषण पुनर्वास केन्द्र में भर्ती 11 बच्चों की माताओं से चर्चा कर बच्चों के वजन और डाईट की जानकारी ली तथा भर्ती बच्चों और उनकी माताओं को निर्धारित सुपोषण डाईट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने पोषण पुनर्वास केन्द्र में नियमित रूप से पर्याप्त साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निद्रेश भी दिए। कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने निर्देश दिए कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से अधिकाधिक बच्चों को पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती करवाया जाए तथा उनकी समुचित स्वास्थ्य देखभाल की जाए। उन्होंने बच्चों के सुपोषण स्तर में सुधार के लिए नियमित निगरानी, संतुलित आहार तथा आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर डॉ. मीना ने सुसनेर के शासकीय अस्पताल के आपातकालीन वार्ड का भी निरीक्षण किया और उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि वे अस्पताल आने वाले मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। बगैर किसी उचित कारण के किसी भी मरीज को अन्य उच्च संस्थाओं के लिये रैफर नहीं किया जाए। कलेक्टर ने चिकित्सकों से अस्पताल में जांच की सुविधा, दवाईयों की उपलब्धता एवं स्टॉक आदि के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि जो दवाईयाँ स्टॉक में खत्म हो जाती है, उनकी मांग कर तत्काल दवाईयों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री बी.एस. सोलंकी, डिप्टी कलेक्टर सुश्री अर्पिता राय, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री राजीव गुप्ता एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिनेश देहरवाल एवं अन्य चिकित्सक एवं महिला बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे। |