|
कलेक्टर ने झोंटा उप तहसील कार्यालय का निरीक्षण किया आगर-मालवा : कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने बड़ोद तहसील की उप तहसील झोंटा का भ्रमण कर विभिन्न शासकीय कार्यालयों एवं संस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शासकीय व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। भ्रमण के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री बी.एस. सोलंकी, एसडीएम श्री कमल मंडलोई एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। कलेक्टर डॉ. मीना ने झोंटा स्थित उप तहसील कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने न्यायालयीन कार्यवाही एवं प्रकरणों के निराकरण की स्थिति की जानकारी ली तथा राजस्व संबंधी कार्यों का अवलोकन किया। इसके पश्चात उन्होंने प्राथमिक कृषि साख सहकारी संस्था का निरीक्षण कर ग्रामीणों से चर्चा की तथा संस्था के माध्यम से किसानों एवं ग्रामीणों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। कलेक्टर ने झोंटा में संचालित उचित मूल्य दुकान का निरीक्षण कर खाद्यान्न के भंडारण एवं वितरण व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने उपलब्ध खाद्यान्न की गुणवत्ता का परीक्षण किया तथा खाद्यान्न के उचित रखरखाव, सुरक्षित भंडारण का ध्यान रखने के निर्देश दिए। कलेक्टर डॉ. मीना ने शासकीय प्राथमिक विद्यालय झोंटा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उनके भाषा ज्ञान एवं शैक्षणिक स्तर का आकलन किया। उन्होंने झोंटा विद्यालय में संचालित मध्यान्ह भोजन कक्ष का भी निरीक्षण किया तथा भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को निर्धारित मापदंडों के अनुरूप स्वच्छ, पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण और पूरी तरह पका हुआ भोजन उपलब्ध कराया जाए। भोजन कक्ष एवं रसोईघर में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। ग्राम भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित नल-जल योजना की स्थिति की जानकारी ग्रामीणों से प्राप्त की। उन्होंने ग्रामीणों से चर्चा कर पेयजल आपूर्ति की नियमितता एवं निर्धारित समय पर नल के माध्यम से पानी मिलने के संबंध में फीडबैक लिया। कलेक्टर ने ग्राम में गोकुल सिंह एवं मानसिंह से प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित किए जा रहे आवासों के संबंध में चर्चा की। हितग्राहियों ने बताया कि योजना के तहत उन्हें दो किश्तें प्राप्त हो चुकी हैं तथा तीसरी किश्त प्राप्त होना शेष है। उन्होंने बताया कि योजना से उन्हें पक्का मकान बनाने में काफी सुविधा मिली है। कलेक्टर ने आवास योजना के क्रियान्वयन की जानकारी लेते हुए ग्राम में योजना से लाभान्वित हितग्राहियों एवं आवास निर्माण की प्रगति के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की। |