|
कुएं के पास बरगद के पेड़ के समीप मिला मासूम का शव, पुलिस ने मुख्य आरोपी को किया गिरफ्तार मंदसौर। जिले के गरोठ थाना क्षेत्र के ग्राम लुक्का में मानवता को झकझोर देने वाली हृदयविदारक घटना सामने आई है। महज 7 साल की मासूम बालिका के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी गई। मासूम का शव गांव में कुएं के पास बरगद के पेड़ के समीप मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रारंभिक पुलिस जांच के अनुसार आरोपी ने बालिका को संतरा दिलाने का लालच देकर अपने पास बुलाया था। इसके बाद उसने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि बालिका एक दिन पहले से लापता थी। परिजन उसकी तलाश में जुटे थे, लेकिन सोमवार सुबह उसका शव मिलने की सूचना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना की जानकारी मिलते ही गरोठ थाना प्रभारी बलवीर सिंह यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विनोद मीणा, एसडीओपी सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। एफएसएल टीम ने मौके से महत्वपूर्ण वैज्ञानिक एवं भौतिक साक्ष्य एकत्रित किए। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी गरोठ का निवासी है और ग्राम लुक्का में मजदूरी करता था। बालिका के पिता भी गांव में मजदूरी करते थे। पुलिस अधीक्षक के अनुसार घटनास्थल आरोपी के रहने के स्थान से लगभग 50 मीटर की दूरी पर था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य संदिग्ध को हिरासत में लिया। पूछताछ एवं प्रारंभिक जांच के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है। गैंगरेप की पुष्टि नहीं, एक ही मुख्य आरोपी गिरफ्तार पुलिस अधीक्षक विनोद मीणा ने मीडिया को बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आरोपी से पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर सामूहिक दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है। इस प्रकरण में एक ही मुख्य आरोपी सामने आया है, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट और हत्या सहित संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। एसपी ने कहा कि घटना की गंभीरता और जघन्यता को देखते हुए इसे चिन्हित श्रेणी के प्रकरण में शामिल किया गया है। पुलिस का प्रयास है कि मामले का शीघ्र ट्रायल कराया जाए और प्रभावी पैरवी के माध्यम से आरोपी को कठोरतम सजा दिलाई जाए। घटना से क्षेत्र में आक्रोश, बच्चों की सुरक्षा पर उठे सवाल मासूम के साथ हुई इस अमानवीय घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। ग्रामीणों और परिजनों में गहरा आक्रोश है। लोग आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग कर रहे हैं। इस घटना ने एक बार फिर समाज में बच्चों की सुरक्षा और उनकी निगरानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत विवेचना में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी और मासूम को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। |