चिन्हित जघन्य एवं सनसनीखेज प्रकरण
रामपुरा। मध्यप्रदेश शासन एवं गृह विभाग द्वारा प्रदेश के विभिन्न न्यायालयों में विचाराधिन चिन्हित जघन्य एवं सनसनीखेज प्रकरणों की विशेष मॉनीटरींग किये जाने के निर्देश जिले के पुलिस अधीक्षकों को दिये हैं, उसी अनुरूप नीमच जिले के विभिन्न न्यायालयों में विचाराधिन चिन्हित जघन्य एवं सनसनीखेज प्रकरणों की मॉनटरींग जिला पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास द्वारा सुक्ष्मता से की जा रहीं हैं, जिसके सफल परिणाम आ रहें हैं। इसी तारतम्य में रामपुरा न्यायालय में विचाराधिन एक प्रकरण में दोषसिद्धि होकर अभियुक्तगण को दण्डित किया गया हैं।
श्रीमान् रौनक पाटीदार, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी कैंप रामपुरा, जिला-नीमच द्वारा अपने निर्णय में रामपुरा स्थित बाबा मुल्ला खान साहब की दरगाह में रात्री के समय घुसकर लगभग 14 लाख 96 हजार रूपये की चोरी करने वाले दो आरोपीगण (1) पिंटु उर्फ प्रकाश पिता राजन बांछड़ा, उम्र-29 वर्ष व (2) कैलाश पिता रमेश बांछड़ा, उम्र 32 वर्ष, दोनो-निवासी-ग्राम तलाऊ थाना कुकड़ेश्वर, जिला नीमच को धारा 457, 380 भारतीय दण्ड संहिता, 1860 के अंतर्गत 03-03 वर्ष के सश्रम कारावास व 1000-1000 रूपये अर्थदण्ड से दण्डित किया तथा चोरी किये गये रूपयों को अपने पास रखने एवं उसका उपयोग करने वाले तीन आरोपीगण (3) नरेन्द्र पिता गेंदालाल बांछड़ा, उम्र 30 वर्ष, निवासी-ग्राम मोया बांछड़ा डेरा, थाना मनासा जिला नीमच (4) शुभम पिता विजय बांछड़ा, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम हाड़ी पिपल्या, थाना मनासा जिला नीमच व (5) मुकेश पिता रमेश बांछड़ा, उम्र 35 वर्ष, निवासी-ग्राम तलाऊ, थाना कुकड़ेश्वर, जिला नीमच को धारा 411 भारतीय दण्ड संहिता, 1860 के अंतर्गत 03-03 वर्ष के सश्रम कारावास एवं 2000-2000 रूपये अर्थदण्ड से दण्डित किया गया।
अभियोजन मीडिया सेल प्रभारी एडीपीओ रितेश कुमार सोमपुरा द्वारा घटना की जानकारी देते हुुए बताया कि घटना लगभग 7 वर्ष पुरानी होकर दिनांक 28.01.2019 की रात्री के लगभग 02ः30 बजे रामपुरा स्थित बाबा मुल्ला खान साहब की दरगाह की हैं।
फरियादी अली असगर ने थाना रामपुरा पर आकर सूचना दी कि वह बाबा मुल्ला खान साहब की दरगाह में मैंनेजर के पद पर कार्य करता हैं। घटना दिनांक को उनके सहायक मुस्तफा भाई ने बताया कि दरगाह की दानपेटी चोरी हो गई हैं। जाकर देखने पर पता चला कि दानपेटी दरगाह के पीछे पड़ी हुई हैं, जिसमें से लगभग 14 लाखा 96 हजार रूपयों की चोरी हो गई हैं। फरियादी की सूचना पर से अपराध पंजीबद्ध किया जाकर विवेचना में लिया गया। विवेचक निरीक्षक प्रतीक रॉय द्वारा विवेचना के दौरान दरगाह के सीसीटीवी कैमरे को चैक किये जाने पर उसमें दो व्यक्ति दरगाह के पीछे के दरवाजे छिटकनी तोड़कर अंदर घुसे और कैमरे से छेड़खानी की फिर दानपेटी तोड़ने की कोशिश करते हुवे दिखाई दिये, पर जब दानपेटी नहीं टूटी तो वह दानपेटी को दरगाह के पीछे ले जाकर उसको तोड़कर उसमें रखे रूपयो चोरी कर जाते हुवे दिखाई दिये। सीसीटीवी के आधार पर आरोपीगण की पहचान की गई तथा उनको गिरफ्तार किया गया और आरोपी कैलाश के कब्जे से 290000 रूपये और आरोपी पिंटु 48400 रूपये एवं अन्य सम्पत्ति को जप्त किया गया। विवेचना में यह तथ्य भी सामने आया कि आरोपीगण शुभम, नरेन्द्र व मुकेश भी इस चोरी के षड़यंत्र में सम्मिलित थे, जिस कारण से प्रकरण में उनको भी आरोपी बनाया जाकर उनको भी गिरफ्तार किया गया तथा आवश्यक विवेचना उपरांत अभियोग-पत्र रामपुरा न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
चोरी की घटना वाला स्थान बोहरा समाज की पवित्र दरगाह होने से घटना की गंभीरता को देखते हुवे शासन द्वारा प्रकरण को चिन्हित जघन्य एवं सनसनीखेज प्रकरण के रूप में चिन्हीत किया गया।
विचारण के दौरान अभियोजन द्वारा फरियादी एवं अन्य महत्वपूर्ण साक्षीगण की साक्ष्य माननीय न्यायालय के समक्ष कराई गई एवं चोरी के दोनो आरोपी तथा यह जानते हुवे की रूपये चोरी के हैं उसको अपने कब्जे में रखने वालें व उसको उपयोग करने वाले तीन आरोपीगण को कठोर दण्ड से दण्डित किये जाने का निवेदन किया गया, जिस पर से माननीय न्यायालय द्वारा आरोपीगण कोे उपरोक्त दण्ड से दण्डित किया। प्रकरण में शासन की ओर से पैरवी सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी श्री अरवींद सिंह थापक एवं श्री पवन सौलंकी द्वारा द्वारा की गई।