रतलाम। छोटे शहरों की प्रतिभाओं को अब रोजगार के लिए महानगरों की ओर देखने की मजबूरी नहीं रहेगी। स्थानीय स्तर पर ही देश की प्रतिष्ठित कॉर्पोरेट कंपनियों में करियर बनाने के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में श्री योगीन्द्र सागर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस (SYSITS), रतलाम ने महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। संस्थान में पहली बार देश की दिग्गज आईटी एवं कंसल्टिंग कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) के वॉक-इन रिक्रूटमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया। 23 अक्टूबर को आयोजित इस भर्ती अभियान में 150 से अधिक विद्यार्थियों ने पंजीयन कर अपनी प्रतिभा दिखाई। चयन प्रक्रिया के बाद कुल 15 विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित कंपनी में रोजगार पाने का अवसर मिला। इनमें SYSITS रतलाम के सात विद्यार्थी शामिल हैं।
यह आयोजन केवल एक भर्ती अभियान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि रतलाम सहित आसपास के क्षेत्रों के युवाओं को बड़े कॉर्पोरेट संस्थानों से सीधे जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ। खास बात यह रही कि इस अवसर का लाभ केवल SYSITS के विद्यार्थियों को ही नहीं मिला, बल्कि रतलाम, जावरा और इंदौर के विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने भी चयन प्रक्रिया में सफलता हासिल की।
TCS की आठ सदस्यीय टीम ने पूरी की चयन प्रक्रिया
भर्ती अभियान के अंतर्गत BPS (Back Office Operations – Data Processing Transactions) पद के लिए चयन प्रक्रिया आयोजित की गई। इसमें TCS की आठ सदस्यीय भर्ती टीम ने सहभागिता की। टीम में HR प्रतिनिधि श्रीमती महिमा भदौरिया, श्री निहाल वालेचा, सुश्री आयुषी भार्गव एवं श्री प्रांजल कल्याणे शामिल रहे। वहीं वरिष्ठ प्रबंधक श्री उचित पटेल, श्री सावन कुमार शर्मा, श्री गौरव शर्मा एवं श्री धर्मवीर सिंह ने पैनल सदस्य के रूप में विद्यार्थियों की चयन प्रक्रिया संपन्न कराई।
SYSITS के सात विद्यार्थियों ने हासिल की सफलता
संस्थान से चयनित विद्यार्थियों में जिया बैरागी, ईशा कटारिया, पीयूष राणा, नाज़नीन खान, सोनल तंवर, भोलेश्वर बैरागी एवं माहिर खान शेरानी शामिल हैं।
इसके अलावा शासकीय गर्ल्स कॉलेज रतलाम की मितिशा मीणा, शासकीय भगत सिंह कॉलेज जावरा के अनवर हुसैन, अरिहंत कॉलेज रतलाम के प्रथम राव, दिव्यांश सिंह एवं वेदांशी गेहलोत तथा शासकीय पी.जी. आर्ट्स एंड साइंस कॉलेज रतलाम की प्रभा सोलंकी का चयन हुआ। इंदौर के महाविद्यालयों से गौतम थड़ा एवं कमलेश प्रजापत ने भी चयन प्रक्रिया में सफलता प्राप्त की। इस तरह कुल 15 विद्यार्थियों ने TCS में रोजगार पाने की उपलब्धि हासिल की।
निदेशक के मार्गदर्शन और T&P सेल के प्रयासों से मिली सफलता
रतलाम में पहली बार TCS जैसी प्रतिष्ठित कंपनी का भर्ती अभियान आयोजित होना संस्थान के नेतृत्व, प्रबंधन के सहयोग और ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट (T&P) सेल की सक्रियता का परिणाम रहा। संस्थान के निदेशक डॉ. लोकेन्द्र विक्रम सिंह के मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन तथा डीन एकेडमिक्स प्रो. गोविंद झंवर के सहयोग से इस पहल को साकार किया गया।
इस पूरी प्रक्रिया में T&P सेल के समन्वयक प्रो. बलविंदर सिंह गुरदत्ता की अहम भूमिका रही। उन्होंने TCS के साथ लगातार संपर्क एवं समन्वय स्थापित किया। भर्ती अभियान की रूपरेखा तैयार करने से लेकर विद्यार्थियों तक जानकारी पहुंचाने, पंजीयन के लिए प्रेरित करने, प्रचार-प्रसार और नियमित फॉलोअप तक उन्होंने सक्रिय भूमिका निभाई। साथ ही रतलाम, जावरा और इंदौर के विभिन्न महाविद्यालयों तक इस अवसर की जानकारी पहुंचाकर अधिक से अधिक विद्यार्थियों को भर्ती प्रक्रिया से जोड़ने का प्रयास किया।
प्रबंधन ने दी बधाई, भविष्य में भी जारी रहेंगे प्रयास
आयोजन की सफलता पर सहसंचालक श्री उमेश शर्मा एवं सहसंचालक श्री वरदान शर्मा ने T&P सेल को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी तरह प्रतिष्ठित कंपनियों को संस्थान तक लाने और विद्यार्थियों के प्लेसमेंट के लिए निरंतर प्रयास करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने संस्थान के प्राध्यापकों, विभिन्न समितियों और SYSITS परिवार के सभी सदस्यों के योगदान की सराहना करते हुए इसे सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया।
छोटे शहरों के युवाओं के लिए बड़ी उम्मीद
TCS का यह भर्ती अभियान रतलाम के शैक्षणिक और रोजगार परिदृश्य के लिहाज से महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इससे यह संदेश भी सामने आया है कि प्रतिभा किसी बड़े शहर की मोहताज नहीं होती। सही मार्गदर्शन, कौशल और अवसर मिलने पर छोटे शहरों के विद्यार्थी भी देश की प्रतिष्ठित कंपनियों में अपनी जगह बना सकते हैं।
SYSITS का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को डिग्री दिलाना नहीं, बल्कि उन्हें व्यावहारिक कौशल, रोजगार के अवसर और बेहतर करियर उपलब्ध कराकर आत्मनिर्भर भविष्य की ओर अग्रसर करना है। संस्थान की यह पहल शिक्षा से कौशल, कौशल से रोजगार और रोजगार से सशक्त भविष्य के संकल्प को मजबूत करती है।
उक्त जानकारी संस्थान के सहसंचालक श्री उमेश शर्मा द्वारा जारी की गई।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत