|
नीमच। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, स्वामी विवेकानंद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नीमच के रुसा भवन में उच्च शिक्षा विभाग एवं मध्य प्रदेश पुलिस की संयुक्त पहल पर आयोजित दो दिवसीय कार्यशाला ‘जन सुरक्षा-युवा सृजन संवाद’ का शुभारंभ हुआ। प्रातः 11:30 बजे आयोजित कार्यक्रम में पुलिस एवं महाविद्यालय प्रशासन के अधिकारियों ने विद्यार्थियों को जन सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव, महिला सुरक्षा और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नीमच जिले के पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास उपस्थित रहे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती हेमलता अग्रवाल, महिला सेल की उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती पार्वती गौड सहित अन्य पुलिस अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रशांत मिश्रा ने की। कार्यशाला के कार्यक्रम समन्वयक एवं एनसीसी प्रभारी प्रो. देवी सिंह राठौर ने आयोजन की रूपरेखा और उद्देश्यों की जानकारी दी। मंच संचालन समाजशास्त्र विभाग के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. संजय जोशी ने किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण सहित 200 से अधिक छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के प्रारंभ में प्राचार्य डॉ. प्रशांत मिश्रा ने स्वागत उद्बोधन देते हुए अतिथियों एवं विद्यार्थियों का अभिनंदन किया। मोबाइल से उचित दूरी और शारीरिक गतिविधियों पर जोर मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद करते हुए उन्हें जीवन में निरंतर सीखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य बनाए रखने के लिए स्मार्टफोन के अत्यधिक उपयोग से बचना आवश्यक है। विद्यार्थियों को मोबाइल स्क्रीन से दूरी बनाकर आपसी संवाद बढ़ाने तथा प्रतिदिन कम से कम एक घंटा खेलकूद एवं अन्य शारीरिक गतिविधियों के लिए देने की सलाह दी। महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की अपील विशिष्ट अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती हेमलता अग्रवाल ने महिला सुरक्षा के विषय में विद्यार्थियों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपने साथ होने वाले अपराधों के प्रति सतर्क रहना चाहिए। किसी भी अप्रिय घटना या आशंका की स्थिति में बिना भय और संकोच के अपने परिजनों, रिश्तेदारों अथवा विश्वसनीय मित्रों को जानकारी देनी चाहिए, ताकि समय रहते आवश्यक कदम उठाकर संभावित दुर्घटनाओं से बचा जा सके। महाविद्यालय की राजनीति विज्ञान की प्राध्यापक प्रो. पूजा शर्मा ने युवाओं को संविधान में उल्लिखित नागरिक कर्तव्यों तथा राष्ट्रीय, सामाजिक एवं सांस्कृतिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया। 200 से अधिक विद्यार्थियों ने लिया भाग कार्यक्रम में महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. एम.के. डबकरा, डॉ. प्रभावती भावसार, डॉ. आर.के. गुजेटिया, डॉ. आर.सी. वर्मा, डॉ. सी.पी. पंवार, डॉ. आर.सी. जैन, प्रो. रचना राजौरा, प्रो. हेमलता रोक्स, प्रो. निकिता शर्मा एवं प्रो. जितेंद्र परिहार सहित अन्य प्राध्यापक उपस्थित रहे। कार्यशाला के प्रथम दिन विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा पुलिस अधिकारियों से सीधे संवाद कर जन सुरक्षा और साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। दूसरे दिन पुलिस की कार्यप्रणाली से होंगे रूबरू कार्यशाला के दूसरे दिन विद्यार्थियों को थाना भ्रमण, डायल 112, आपदा प्रबंधन, कानून-व्यवस्था तथा मैदानी स्तर पर पुलिस की कार्यप्रणाली से अवगत कराया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी श्री संजीव थोरेचा ने आभार व्यक्त किया। |