|
प्रथम चरण में 85.40 करोड़ की लागत के भव्य देवी लोक निर्माण कार्यों की गैंती चलाकर की शुरुआत आगर-मालवा : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को आगर जिले के नलखेड़ा में विश्व प्रसिद्ध माँ बगलामुखी मंदिर परिसर में भव्य देवी लोक परियोजना का भूमि-पूजन किया। प्रारंभ में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने माँ बगलामुखी मंदिर पहुँचकर माता जी के दर्शन किए, पूजा-अर्चना की तथा प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की प्रार्थना की। तत्पश्चात वैदिक मंत्रोच्चार के साथ उन्होंने भव्य देवी लोक परियोजना के प्रथम चरण के कार्यों का भूमि-पूजन कर गैंती चलाकर निर्माणकार्य का शुभारंभ किया। माँ बगलामुखी देवी लोक का निर्माण कुल 55 एकड़ क्षेत्र में किया जा रहा है, जिसके प्रथम चरण में लगभग 85.40 करोड़ रुपये की लागत से भव्य निर्माण कार्य किए जाएंगे। प्रथम चरण में मुख्य मंदिर का 108 फीट ऊँचा शिखर, 2,800 वर्गमीटर में मंदिर के गर्भगृह एवं ऊपरी संरचना का निर्माण तथा पत्थर की क्लैडिंग, मंदिर कॉरिडोर एवं प्रांगण का विकास, धार्मिक अनुष्ठानों के लिए 220 यज्ञशालाओं का विकास, 625 वर्गमीटर में गौशाला, VVIP भवन, 4 भव्य प्रवेश द्वार, संपूर्ण परिसर की बाउंड्री वॉल, चारपहिया वाहन पार्किंग, बस पार्किंग, शौचालय ब्लॉक, लैंडस्केपिंग एवं साइट डेवलपमेंट सहित आंतरिक-बाहरी विद्युत व्यवस्था, फसाड लाइटिंग एवं अग्निशमन व्यवस्था जैसे आधारभूत कार्य सम्मिलित हैं। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दीप प्रज्वलित कर किया। तत्पश्चात प्रभारी मंत्री श्री नागर सिंह चौहान, विधायक श्री मधु गहलोत, विधायक श्री भेरू सिंह बापू एवं पूर्व विधायक श्री राणा विक्रम सिंह ने मुख्यमंत्री जी का माँ बगलामुखी देवी की तस्वीर भेंट कर एवं पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया। प्रदेश में 14 धार्मिक स्थलों पर करोंडों के विकास एवं निर्माण कार्य हो रहे हैं अपने उद्बोधन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि उज्जैन में महाकाल महालोक निर्माण के साथ ही पूरा क्षेत्र बदल रहा है। आगर से सुसनेर-झालावाड़ तक का फोरलेन तो बनेगा ही, आमला से नलखेड़ा तक एक और नए फोरलेन निर्माण कार्य का भूमि-पूजन भी आज किया गया है। इससे नलखेड़ा में माँ बगलामुखी के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि मंदिर के समीप ऊँची और बड़ी ब्रिज के निर्माण का कार्य भी आज से शुरू हो रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पूरे प्रदेश में 14 धार्मिक स्थलों पर हजारों करोड़ रुपये के विकास एवं निर्माण कार्य करवाए जा रहे हैं, यह हमारे लिए आस्था और श्रद्धा का विषय है।उन्होंने कहा कि नलखेड़ा की माँ बगलामुखी दस महाविद्याओं में से एक हैं और यह स्थान तंत्र साधना एवं आस्था का वैश्विक केंद्र है। देवी लोक के निर्माण से यहाँ आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को सर्वसुविधायुक्त दर्शन व्यवस्था मिलेगी तथा धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलेगी। सांसद श्री रोडमल नागर ने अपने स्वागत उद्बोधन में नलखेड़ा-सुसनेर क्षेत्र में विकास के लिए किए गए कार्यों के बारे में बताया और नलखेड़ा में जन-सुविधाओं एवं श्रद्धालुओं के लिए देवी लोक की सौगात मिलने पर क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में अनुसूचित जाति कल्याण विभाग के मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री नागर सिंह चौहान, सांसद श्री रोडमल नागर, विधायक श्री भेरू सिंह बापू, विधायक श्री माधव सिंह मधु गहलोत, श्री जयदीप पटेल,जिला अध्यक्ष श्री ओम मालवीय,पूर्व विधायक श्री राणा विक्रमसिंह, श्री गोपाल परमार, उज्जैन विकास प्राधिकरण श्री रवि सोलंकी,जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि श्री भैरू सिंह चौहान भी मंचासीन थे। माँ बगलामुखी देवी लोक प्रथम चरण के प्रमुख कार्य विश्व प्रसिद्ध माँ बगलामुखी देवी लोक परियोजना का निर्माण कुल 55 एकड़ क्षेत्र में किया जा रहा है। इसके प्रथम चरण में लगभग 85.40 करोड़ रुपये की लागत से भव्य निर्माण कार्य प्रस्तावित हैं। प्रथम चरण में मुख्य शिखर की ऊँचाई 108 फीट होगी। मुख्य मंदिर का निर्माण 2,800 वर्गमीटर क्षेत्र में किया जाएगा, जिसमें मंदिर के गर्भगृह एवं ऊपरी संरचना का निर्माण तथा पत्थर की क्लैडिंग का कार्य सम्मिलित है। धार्मिक अनुष्ठानों एवं वैदिक यज्ञों के लिए 220 यज्ञशालाओं का विकास किया जाएगा। इसके साथ ही 625 वर्गमीटर क्षेत्र में गौशाला का निर्माण किया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही एवं दर्शन व्यवस्था हेतु मंदिर कॉरिडोर एवं प्रांगण का विकास किया जाएगा। विशिष्ट अतिथियों हेतु आवश्यक सुविधाओं के साथ VVIP भवन का निर्माण होगा। परिसर में 4 भव्य मुख्य प्रवेश द्वारों का निर्माण तथा 55 एकड़ के संपूर्ण परिसर की सुरक्षा हेतु बाउंड्री वॉल का निर्माण किया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चारपहिया वाहन पार्किंग, बस पार्किंग तथा शौचालय ब्लॉक का निर्माण किया जाएगा। परिसर का समग्र भूमि विकास, उद्यान एवं हरित क्षेत्रों के सौंदर्यीकरण हेतु लैंडस्केपिंग एवं साइट डेवलपमेंट का कार्य किया जाएगा। इसके अतिरिक्त आधारभूत सुविधाओं के अंतर्गत आंतरिक एवं बाहरी विद्युत व्यवस्था, फसाड लाइटिंग, बाहरी प्लंबिंग, अग्निशमन व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सेवाओं का विकास किया जाएगा। इस अवसर पर श्री गोविंद सिंह बरखेड़ी, श्री चिंतामन राठौर, श्री दिलीप सकलेचा, श्री प्रेम यादव, श्री मयंक राजपूत, श्री हरिनारायण यादव, श्री बाबूलाल यादव, श्री करण सिंह यादव, श्री रोहित सकलेचा,नगर परिषद अध्यक्ष सुश्री अंतिमा विजय सोनी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी संभागायुक्त उज्जैन श्री आशीष सिंह, एडीजी श्री राकेश गुप्ता, कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना, प्रभारी पुलिस अधीक्षक, एडीएम डॉ. शालिनी श्रीवास्तव, सीईओ जिला पंचायत श्री बीएस सोलंकी सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन श्रद्धालुजन उपस्थित थे। |