|
नीमच। नगर पालिका परिषद नीमच द्वारा नपाध्यक्ष श्रीमती स्वाति गौरव चोपड़ा के मार्गदर्शन एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती दुर्गा बामनिया के नेतृत्व में नगर पालिका के सभी कर्मचारियों को नियमानुसार वर्दी( यूनिफॉर्म) प्रदाय की जा रही है। वर्दी वितरण की शुरुआत बुधवार 14 अक्टूबर को नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती स्वाति गौरव चोपड़ा ने नगर पालिका कार्यालय स्थित नपाध्यक्ष कक्ष में कर्मचारियों को अपने हाथों से वर्दी वितरित कर की। इस दौरान कार्यालय अधीक्षक श्री कन्हैया लाल शर्मा भी उपस्थित थे। श्रीमती चोपड़ा ने बताया कि नगर पालिका परिषद नीमच द्वारा नगर पालिका के सभी लगभग 950 कर्मचारियों को वर्दी प्रदाय की जा रही है, जिसमें करीब 700 पुरुष कर्मचारी एवं 250 महिला कर्मचारी शामिल है। सभी को दो-दो जोड़ वर्दी प्रदाय की जाएगी जिसमें पुरुष कर्मचारियों को पेंट- बुशर्ट तथा महिला कर्मचारियों को साड़ी के साथ पेटिकोट व ब्लाउज पीस प्रदान किया जावेगा। श्रीमती चोपड़ा ने कहा कि पुरुष कर्मचारियों के टेलर द्वारा नाप ले लिए गए हैं और वर्दी तैयार कर प्रदाय की जा रही है। श्रीमती चोपड़ा ने कहा कि हमारा प्रयास है कि दीपावली जैसे बड़े त्यौहार के पूर्व सभी पुरुष एवं महिला कर्मचारियों को यूनिफॉर्म का वितरण किया जा सके. श्रीमती चोपड़ा ने सभी कर्मचारियों से अनुरोध किया है कि वह कार्य अवधि के दौरान यूनिफॉर्म में रहे जिससे अनुशासन एवं एकरूपता का संदेश प्रदाय किया जा सके। |