|
सिंगोली तहसील के ग्राम उमेदपुरा में उमड़ा किसानों का सैलाब, धाकड़ ने विधायक के "मेट्रो दावों" की निकाली हवा जावद जनपद सदस्य प्रतिनिधि पवन धाकड़, पत्रकार व जनपद सदस्य प्रतिनिधि राजेश शर्मा और युवा नेता अर्जुन धाकड़ सहित कई दिग्गज रहे मौजूद सिंगोली । क्षेत्र के किसानों के हक और अघोषित बिजली कटौती के खिलाफ जावद विधानसभा क्षेत्र के कद्दावर कांग्रेस नेता बालकिशन धाकड़ ने सीधे सूबे की भाजपा सरकार और क्षेत्रीय विधायक ओमप्रकाश सकलेचा के खिलाफ चौतरफा हमला बोल दिया है। शुक्रवार को सिंगोली तहसील के ग्राम उम्मेदपुरा में आयोजित 5 दिवसीय तेजाजी महाराज के खेल के भव्य समापन अवसर पर बड़ी संख्या में उपस्थित किसानों और ग्रामीणों को संबोधित करते हुए धाकड़ ने सरकार की नीतियों की धज्जियां उड़ाईं। कार्यक्रम के दौरान श्री धाकड़ के साथ जावद जनपद सदस्य प्रतिनिधि पवन धाकड़ व वरिष्ठ पत्रकार राजेश शर्मा और कांग्रेस के युवा नेता अर्जुन धाकड़ सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस पदाधिकारी व जुझारू किसान नेता मंच पर कंधे से कंधा मिलाकर उपस्थित रहे। सभी नेताओं ने एक स्वर में क्षेत्र के किसानों के प्रति एकजुटता जताई। दिल्ली में मेट्रो दौड़ रही, पर जावद के किसान की मोटर ठप विशाल जनसमूह के बीच दहाड़ते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बालकिशन धाकड़ ने क्षेत्रीय विधायक ओमप्रकाश सकलेचा के विकास के दावों को पूरी तरह खोखला साबित कर दिया। धाकड़ ने कहा कि विधायक महोदय हर मंच से यह ढिंढोरा पीटते नहीं थकते कि जावद बिजली के मामले में आत्मनिर्भर है और यहाँ उत्पादित सौर ऊर्जा से दिल्ली में मेट्रो ट्रेनें दौड़ रही हैं। धाकड़ ने सीधा सवाल दागा कि—अगर जावद की बिजली दिल्ली में मेट्रो दौड़ा सकती है, तो फिर जावद के ही धरतीपुत्रों के खेतों की मोटरें क्यों बंद पड़ी हैं? उन्होंने इसे क्षेत्र की जनता के साथ किया जा रहा ऐतिहासिक विश्वासघात और घोर अन्याय करार दिया। चुनावी जुमला साबित हुआ आय दोगुनी का नारा बालकिशन धाकड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री से लेकर मुख्यमंत्री तक केवल भाषणवीर बने हुए हैं। मंचों से "किसानों की आय दोगुनी" करने का राग अलापा जाता है, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि खाद, बीज और डीजल के दाम बढ़ाकर खेती की लागत को तो दोगुना कर दिया गया, पर जब रबी की मुख्य सीजन में सिंचाई के लिए बिजली देने की बारी आई तो मेंटेनेंस के नाम पर अघोषित कटौती का घिनौना खेल शुरू कर दिया गया। धाकड़ ने साफ कहा कि यह सरकार कभी किसानों की आय दोगुनी नहीं कर सकती, इसका मकसद सिर्फ कॉरपोरेट मित्रों को फायदा पहुँचाना और असली अन्नदाता को कंगाल बनाना है। मुख्यमंत्री मोहन यादव के "कृषक कल्याण" पर बड़ा प्रहार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को आड़े हाथों लेते हुए धाकड़ ने पूछा कि एक तरफ मध्य प्रदेश का मुखिया "कृषक कल्याण वर्ष" मनाने का ढोंग रच रहा है, तो दूसरी तरफ रबी सीजन की बुवाई और सिंचाई के ऐन वक्त पर किसानों को बिजली के लिए रात-रात भर ठंडी रातों में खेतों पर भटकने के लिए क्यों मजबूर किया जा रहा है? क्या अन्नदाता को अंधेरे में रखना और उसकी खड़ी फसलों को सुखाना ही मोहन यादव का कृषक कल्याण है? उम्मेदपुरा की पावन धरा से आर-पार के आंदोलन का शंखनाद तेजाजी महाराज के धार्मिक मंच से किसानों की मजबूत आवाज बनते हुए बालकिशन धाकड़, जनपद सदस्य प्रतिनिधि पवन धाकड़, जनपद सदस्य प्रतिनिधि राजेश शर्मा और युवा नेता अर्जुन धाकड़ ने शासन-प्रशासन को अंतिम चेतावनी दी है। उन्होंने एलान किया कि यदि जावद विधानसभा क्षेत्र के समस्त ग्रामीण व कृषि फीडरों में मेंटेनेंस का बहाना बंद कर निर्धारित 10 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति तुरंत शुरू नहीं की गई, तो कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी। धाकड़ ने कहा कि वे हजारों पीड़ित किसानों को साथ लेकर सड़कों पर उतरेंगे, चक्काजाम करेंगे और विद्युत मंडलों सहित विधायक कार्यालय का ऐसा ऐतिहासिक घेराव करेंगे कि सरकार को घुटने टेकने पर मजबूर होना पड़ेगा। रिपोर्ट : दिनेश जी जोशी |