|
आगर मालवा सेवा संकल्प अभियान के तहत राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम जिले के दो परिवारों के लिए वरदान साबित हुआ है। ग्राम गुराडिया, तहसील सुसनेर निवासी 09 माह की बेटी परी दांगी पिता शुभम जो जन्म से कटे-फटे होंठ की समस्या से पीड़ित थी और ग्राम खजूरी चोपड़ा, तहसील बड़ौद निवासी 01 वर्ष 04 माह की बेटी अल्सीफा पिता जब्बार खान जो कटे-फटे तालु की बीमारी से ग्रसित थी, दोनों के परिजन अपनी बेटियों के भविष्य को लेकर अत्यंत चिंतित थे और आर्थिक तंगी के कारण इलाज कराने में असमर्थ थे। स्वास्थ्य विभाग के स्टाफ, चिकित्सक एवं आर.बी.एस.के. टीम द्वारा घर-घर सर्वे के दौरान दोनों बेटियों को चिन्हित किया गया। टीम ने उनके घर पहुंचकर परिजनों की चिंताओं को दूर किया और उन्हें राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत निःशुल्क सर्जरी की जानकारी दी, जिसके बाद दोनों परिवार सर्जरी के लिए सहमत हुए। दोनों बेटियों की सफल सर्जरी DNS हॉस्पिटल, इंदौर में इंगा फाउंडेशन के माध्यम से निःशुल्क कराई गई। आज परी और अल्सीफा दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं और उनके चेहरे पर लौटी मुस्कान से पूरे परिवार में खुशी का माहौल है। परिजनों ने शासन, जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की इस पहल के लिए आभार व्यक्त किया है। |