|
अवंतिका प्राचीन काल से ही गौरवशाली और वैभवशाली नगरी रही है - मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव उज्जैन । प्रदेश सरकार सम्पूर्ण राज्य में समान रूप से विकास के लिए संकल्पित होकर कार्य कर रही है। अवंतिका प्राचीन काल से ही गौरवशाली और वैभवशाली नगरी रही है। उज्जैन के विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए नागरिक स्वेच्छा से अपना योगदान दे रहे हैं। यह बात प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को महाकाल महालोक, उज्जैन में 172.87 करोड़ रुपये लागत के विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों के भूमिपूजन एवं लोकार्पण के पश्चात आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए कही। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मेट्रो ट्रेन की सौगात भी शीघ्र ही उज्जैन को मिलेगी। भोपाल के मास्टर प्लान का ड्राफ्ट प्रकाशित कर दिया गया है। ग्वालियर नई मेट्रोपॉलियन सिटी के रूप में विकसित होगा तथा उसे टेलीकॉम सिटी के रूप में विकसित किया जा रहा है। इंदौर-भोपाल-जबलपुर तक औद्योगिक गलियारा बनने जा रहा है, जिससे पूरे प्रदेश में औद्योगिक विकास को गति मिलेगी। प्रदेश सरकार सेवा भाव से समान रूप से कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सुगम परिवहन सेवा के माध्यम से प्रदेश में नई परिवहन सेवाएं प्रारंभ की गई हैं। इसके तहत यात्री बसें एक नगर से दूसरे नगर तक ही नहीं, बल्कि एक राज्य से दूसरे राज्य तक जाएंगी। उज्जैन में श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुविधा के लिए उज्जैन दर्शन हेतु 10 नई ई-बस सेवाओं का शुभारंभ किया गया है। कार्यक्रम को सांसद श्री अनिल फिरोजिया, राज्यसभा सांसद बालयोगी श्री उमेशनाथ जी महाराज, सांसद डॉ. लता वानखेड़े एवं महापौर श्री मुकेश टटवाल ने भी संबोधित किया। इन जनप्रतिनिधियों ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में उज्जैन का चौमुखी विकास हो रहा है तथा सिंहस्थ के दृष्टिगत नगर को सजाया-संवारा जा रहा है। इस अवसर पर सांसद श्री अनिल फिरोजिया, राज्यसभा सांसद श्री उमेशनाथ जी महाराज, सांसद डॉ. लता वानखेड़े, महापौर श्री मुकेश टटवाल, मध्यप्रदेश गृह निर्माण मंडल अध्यक्ष श्री ओम जैन, सिंहस्थ प्राधिकरण अध्यक्ष श्री जगदीश अग्रवाल, पूर्व विधायक श्री राजेन्द्र भारती, श्री संजय अग्रवाल, श्री जगदीश पांचाल, श्री धनंजय शर्मा, श्री विवेक गुप्ता, श्री विवेक जोशी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, एडीजीपी श्री राकेश कुमार गुप्ता, डीआईजी श्री नवनीत भसीन, कलेक्टर श्री रोशन कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री प्रदीप शर्मा सहित अन्य अधिकारी, पत्रकार गण एवं बड़ी संख्या में आमजनउपस्थित थे। प्रारंभ में मुख्यमंत्री एवं अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। *मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा उज्जैन को 172 करोड़ के विकास की सौगात* मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को उज्जैन में आयोजित कार्यक्रम में जिले को 172.87 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने इस दौरान कुल 15 कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया, जिसमें 12 कार्यों का भूमिपूजन और 3 कार्यों का लोकार्पण शामिल है। भूमिपूजन कार्यों में मुख्य रूप से नगर निगम उज्जैन के 8 बड़े कार्य हैं, जिनमें गौशाला मार्ग से शिप्रा विहार मार्ग निर्माण, महाकाल लोक क्षेत्र में पार्किंग सुविधा, श्री महाकाल मंदिर परिसर का विकास एवं क्षिप्रा नदी के घाटों का जीर्णोद्धार जैसे कार्य शामिल हैं। इसके साथ ही उज्जैन स्मार्ट सिटी द्वारा महाकाल मंदिर के पीछे लैंडस्केपिंग, पुलिस विभाग द्वारा चिंतामण जवासिया में पुलिस आवास और उन्हेल में थाना भवन तथा पर्यटन विभाग द्वारा 45 नगरीय वनों का विकास कार्य शामिल है, जिनकी कुल लागत 153.31 करोड़ रुपये है। वहीं लोकार्पित कार्यों में पुलिस आवास अधोसंरचना विकास निगम द्वारा नीलगंगा और उन्हेल में निर्मित पुलिस आवास एवं थाना भवन तथा ऊर्जा विभाग द्वारा बड़नगर में निर्मित 33/11 के.व्ही. उपकेन्द्र शामिल हैं, जिनकी कुल लागत 19.56 करोड़ रुपये है। इन सभी कार्यों से उज्जैन के नागरिकों को बेहतर अधोसंरचना, सुरक्षा और पर्यटन सुविधाएं प्राप्त होंगी। |