|
नलखेड़ा। स्थानीय सरदार वल्लभभाई पटेल शासकीय महाविद्यालय नलखेड़ा में मानसिक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जी.एल. रावल की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। इसमें वरिष्ठ न्यायाधीश एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती अश्विनी सिंह तथा वरिष्ठ न्यायाधीश एवं अध्यक्ष तहसील विधिक सेवा समिति नलखेड़ा श्री नितिन सोनी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिथियों एवं महाविद्यालय प्राचार्य द्वारा मां शारदा की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन किया गया। इसके बाद वरिष्ठ न्यायाधीश श्री नितिन सोनी ने विधिक जागरूकता शिविर के उद्देश्य एवं उसकी प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को कानून के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। शिविर की मुख्य वक्ता श्रीमती अश्विनी सिंह ने विद्यार्थियों को बाल विवाह, पॉक्सो एक्ट, नालसा, सालसा एवं डालसा सहित विभिन्न विधिक प्रावधानों और कानूनी सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों की विधिक सेवाओं से जुड़ी जिज्ञासाओं का प्रश्न-उत्तर के माध्यम से समाधान भी किया। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य डॉ. जी.एल. रावल ने मानसिक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों को साइबर सिक्योरिटी, अवसाद, मानसिक तनाव एवं नशा मुक्ति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी किसी भी प्रकार की मानसिक परेशानी या तनाव को अपने तक सीमित न रखें। ऐसी स्थिति में माता-पिता, भाई-बहन अथवा किसी विश्वसनीय व्यक्ति से समस्या साझा करें, ताकि समय रहते उसका समाधान किया जा सके। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय में मानसिक स्वास्थ्य के लिए सेल का गठन भी किया गया है। विद्यार्थी आवश्यकता पड़ने पर सेल से संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकते हैं। महाविद्यालय द्वारा समय-समय पर मानसिक स्वास्थ्य एवं अन्य सामाजिक विषयों को लेकर जागरूकता अभियान भी चलाए जाते हैं। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सर्वेश व्यास ने किया तथा आभार डॉ. आरती नागर ने व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रो. संतोष कुमावत, डॉ. गोपाल कुरील, महेश कुमार गोयल, महेंद्र प्रताप गुजराती, डॉ. आशीष कुमार वर्मा सहित महाविद्यालय के स्टाफ सदस्य एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। |