|
फिल्म ‘शोले’ के वीरू जैसा दिखा नजारा, गुमशुदा बेटे को ढूंढने की लगाई गुहार मंदसौर। फिल्म शोले का वह चर्चित सीन तो सभी को याद होगा, जब वीरू पानी की टंकी पर चढ़कर अपनी बात मनवाने की जिद करता है। कुछ ऐसा ही नजारा मंदसौर जिले के नाहरगढ़ थाना क्षेत्र के बरखेड़ा डांगी गांव में देखने को मिला, जहां एक परेशान पिता अपने गुमशुदा बेटे की तलाश की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया। जानकारी के अनुसार, बरखेड़ा डांगी गांव निवासी पिता का बेटा काफी समय से लापता है। काफी तलाश के बावजूद जब बेटे का कोई सुराग नहीं मिला तो पिता बेहद परेशान और आहत हो गया। इसी बीच वह गांव में लगे एक ऊंचे मोबाइल टावर पर जा चढ़ा। टावर पर चढ़े पिता की मांग थी कि उसके लापता बेटे को जल्द तलाश कर उसके सामने लाया जाए। घटना की जानकारी मिलते ही नाहरगढ़ थाना प्रभारी वरुण तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने काफी समझाइश देकर पिता को शांत कराया और सुरक्षित रूप से मोबाइल टावर से नीचे उतारा। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस द्वारा मामले को लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। रिपोर्ट : कमलेश शर्मा |