|
गरनाई में आस्था की बयार... मंदसौर। आस्था और भक्ति का संगम, भक्ति के रंग में रंगे श्रद्धालु। जिले के गांव गरनाई में भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की जलझूलनी (डोल) एकादशी का पावन पर्व मंगलवार को अपार श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर पूरा गांव धर्ममय उत्साह और जयकारों के साथ भक्ति भजनों की गूंज से धर्ममय हो उठा। दोपहर 2:30 बजे ग्राम स्थित श्री राम-जानकी मंदिर से भगवान को आकर्षक एवं सुसज्जित बेवाण में विराजमान कराया गया। इसके पश्चात गाजे-बाजे के साथ भगवान की भव्य शोभायात्रा प्रारंभ हुई, जहां प्रतिवर्षा अनुसार शोभायात्रा गांव के मुख्य मार्ग से होते हुए निकली, जहां श्रद्धालुओं ने भगवान के बेवाण पर रंग गुलाल के साथ पुष्पवर्षा कर भगवान के दर्शन कर नगर सहित क्षेत्र में सुख-समृद्धि की कामना की। इस भव्य शोभायात्रा में महिलाओं, पुरुषों और बच्चों की भारी उपस्थिति रही। ढोल और डीजे की भक्तिमय धुनों पर श्रद्धालु नाचते-गाते चले। यात्रा के दौरान जमकर रंग-गुलाल उड़ाया गया, जिससे पूरा मार्ग भक्ति के रंगों में रंगता नजर आया जहां बड़ी संख्या में शामिल हुए श्रद्धालु। नगर भ्रमण के बाद शोभायात्रा गांव के स्थित सरोवर पहुंची, जहां पर परंपरा अनुसार भगवान को जल विहार कराया गया, जिसके पश्चात महाआरती कर प्रसादी का वितरण किया गया। महाआरती और प्रसादी के साथ संपन्न हुआ धार्मिक महोत्सव। रिपोर्ट : कमलेश शर्मा |