|
नीमच । कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार जिले में शासकीय भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराने की कार्यवाही निरंतर जारी है। इसी क्रम में तहसील जावद के ग्राम बरखेड़ा चौहान में शासकीय एवं श्मशान भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाकर भूमि खाली कराई गई। ग्रामीणों द्वारा शासकीय एवं श्मशान भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाने की मांग को लेकर अनुविभागीय अधिकारी, जावद के समक्ष जनसुनवाई में आवेदन प्रस्तुत किया गया था। आवेदन पर मौजा पटवारी से प्रतिवेदन प्राप्त होने के बाद न्यायालय नायब तहसीलदार, तहसील जावद में प्रकरण क्रमांक 0024/अ-68/2026-27जी दर्ज किया गया। प्रकरण में ग्राम बरखेड़ा चौहान की शासकीय भूमि सर्वे क्रमांक 253/1, कुल रकबा 2.260 हेक्टेयर में से 0.300 हेक्टेयर भूमि पर किए गए अतिक्रमण के संबंध में बेदखली आदेश पारित किया गया। आदेश के पालन में 9 सितम्बर को मौजा पटवारी एवं कोटवारों के दल द्वारा कार्यवाही करते हुए श्मशान भूमि से अतिक्रमण हटाया गया तथा भूमि खाली कराई गई। |