रतलाम। शहर में आवासीय एवं व्यावसायिक विकास को गति देने की दिशा में रतलाम विकास प्राधिकरण ने बड़ा कदम उठाने का निर्णय लिया है। प्राधिकरण की परशुराम विहार एवं कालिका विहार योजनाओं के अविक्रीत भूखंडों के विक्रय के लिए शीघ्र ही निविदा आमंत्रित की जाएगी। यह महत्वपूर्ण निर्णय बुधवार को प्राधिकरण अध्यक्ष श्री मनोहर पोरवाल, जिला कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया, उपाध्यक्षद्वय श्री गोविंद काकानी एवं श्री प्रवीण सोनी तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री तरुण जैन द्वारा प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं के संयुक्त निरीक्षण के दौरान लिया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों एवं पदाधिकारियों ने यातायात नगर, नगर विकास योजना क्रमांक-2 (टीडीएस-2), कालिका विहार एवं परशुराम विहार योजनाओं का जायजा लिया। इस दौरान योजनाओं में चल रहे एवं शेष विकास कार्यों की स्थिति की जानकारी ली गई तथा भविष्य में इन योजनाओं को और अधिक प्रभावी तरीके से विकसित करने को लेकर चर्चा की गई।
यातायात नगर योजना के निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने बड़े आकार के भूखंडों के विक्रय को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि एक-दूसरे से जुड़े हुए बड़े भूखंड खरीदने वाले क्रेताओं को प्राथमिकता देने पर बड़ी एजेंसियां यहां अपने व्यावसायिक प्रतिष्ठान विकसित कर सकेंगी। इससे यातायात नगर में बड़े स्तर पर व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ क्षेत्र का सुनियोजित विकास भी संभव होगा।
कलेक्टर श्री कटेसरिया ने प्राधिकरण की योजनाओं के क्रियान्वयन में प्रशासनिक स्तर पर आने वाली किसी भी समस्या के निराकरण के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। वहीं प्राधिकरण अध्यक्ष श्री मनोहर पोरवाल ने बताया कि यातायात नगर योजना में शेष विकास कार्य पूरे होने के बाद रेरा पंजीयन की कार्रवाई की जाएगी और इसके पश्चात भूखंडों की बिक्री प्रारंभ कर दी जाएगी।
निरीक्षण के दौरान यातायात नगर योजना के वास्तुविद श्री अरुण सूर्यवंशी ने योजना के नियोजन एवं विकास से संबंधित विस्तृत जानकारी अधिकारियों को दी। इस अवसर पर प्राधिकरण के सहायक यंत्री श्री भावेश पाटिल, वरिष्ठ लिपिक श्री राजेश उपाध्याय तथा नगर विकास योजना क्रमांक-2 के वास्तुविद श्री मयंक जगवानी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
प्राधिकरण के इस निर्णय से शहर में उपलब्ध भूखंडों के विक्रय को गति मिलने के साथ ही आगामी समय में आवासीय और व्यावसायिक गतिविधियों के विस्तार की उम्मीद बढ़ गई है। विशेष रूप से परशुराम विहार, कालिका विहार और यातायात नगर जैसी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन से रतलाम के सुनियोजित शहरी विकास को नई दिशा मिलने की संभावना है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत