रतलाम/सैलाना
सैलाना थाना धामनोद चौकी क्षेत्र में शीतल तीर्थ के पास स्थित प्रेम वाटिका होटल में मंगलवार रात हुई एक घटना ने रतलाम के सर्राफा कारोबारियों और व्यापारिक जगत को झकझोर दिया। रतलाम के चांदनी चौक स्थित महावीर ज्वेलर्स के संचालक रवि मोठिया उम्र 45 वर्ष पिता दिलीप मोठिया होटल के एक कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिले। प्रारंभिक पुलिस जांच में जहरीले पदार्थ के सेवन की जानकारी सामने आई है। हालांकि उन्होंने यह कदम क्यों उठाया इसका स्पष्ट कारण फिलहाल सामने नहीं आया है।
जानकारी के अनुसार रवि मोठिया मंगलवार शाम अपने घर से निकले थे। देर रात तक जब वह घर नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई। परिवार और परिचितों ने उनकी तलाश शुरू की। मोबाइल लोकेशन और अन्य जानकारी के आधार पर तलाश करते हुए परिजन धामनोद पहुंचे। इसी दौरान प्रेम वाटिका होटल के बाहर रवि मोठिया का वाहन दिखाई दिया।
परिजनों ने होटल पहुंचकर संचालक से जानकारी ली। होटल संचालक ने बताया कि रवि मोठिया ने होटल में कमरा लिया था और वह अकेले ही होटल पहुंचे थे। संचालक के मुताबिक उन्होंने स्वयं रवि को कमरा दिया था। उनके साथ कोई अन्य व्यक्ति होटल में नहीं आया था।
जब परिजन कमरे तक पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। आवाज देने और संपर्क करने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। होटल संचालक और परिजनों ने खिड़की से अंदर देखने का प्रयास किया। अंदर रवि मोठिया बाथरूम के बाहर पड़े हुए दिखाई दिए।
स्थिति गंभीर देखकर परिजनों ने दरवाजा खोलने के लिए कहा। होटल संचालक ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस को जानकारी देने के बाद दरवाजा तोड़ा गया। कमरे के अंदर का दृश्य देखकर वहां मौजूद लोग स्तब्ध रह गए।
प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस को कमरे से जहरीले पदार्थ के कई पाउच मिलने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने मौके से आवश्यक सामग्री को जांच के लिए सुरक्षित किया है।
घटना की सूचना मिलते ही सैलाना थाना प्रभारी पिंकी आकाश सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों को जुटाना शुरू किया। पुलिस सूत्रों के अनुसार घटनास्थल से हाथ से लिखा हुआ एक कागज मिला है। बताया जा रहा है कि यह कागज उल्टी से खराब अवस्था में मिला है। पुलिस ने उसे जब्त कर जांच में लिया है।
कागज में क्या लिखा है और उसका घटना से क्या संबंध है इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
रवि मोठिया की मौत की खबर फैलते ही रतलाम से बड़ी संख्या में उनके परिजन परिचित और व्यापारी धामनोद स्थित होटल पहुंचे। घटना की जानकारी से सभी स्तब्ध नजर आए। रवि मोठिया लंबे समय से सर्राफा कारोबार से जुड़े बताए जा रहे हैं और महावीर ज्वेलर्स के संचालक थे। उनके परिवार में माता-पिता पत्नी और दो बेटियां हैं।
फिलहाल मौत के पीछे का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस पूरे मामले की हर संभावित एंगल से जांच कर रही है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के साथ घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य जांच के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।
फिलहाल मौत के पीछे का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस पूरे मामले की हर संभावित एंगल से जांच कर रही है। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी रवि मोठिया की होटल तक पहुंचने और उनकी मौत से जुड़े कई सवालों के जवाब सामने आने की उम्मीद है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत