|
|
नीमच। रैगर समाज के दो संयुक्त संगठन—अखिल भारतीय रैगर महासभा (पंजी.) मध्यप्रदेश एवं गंगापुत्र रैगर महासंघ (पंजी.) मध्यप्रांत—की युवा मोर्चा इकाइयों के संयुक्त तत्वावधान में 12 जुलाई 2026 को टाउन हॉल, दशहरा मैदान में आयोजित भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस आयोजन ने समाज में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया। प्रतिभा सम्मान समारोह की सफलता पर समाज का आभार व्यक्त करने तथा कार्यक्रम का आय-व्यय समाज के समक्ष प्रस्तुत करने के उद्देश्य से एक विशेष बैठक रविवार, 26 जुलाई 2026 को दोपहर 2:30 बजे गांधी वाटिका, दशहरा मैदान, नीमच में आयोजित की जाएगी। महासभा युवा प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष दिलीप जाबड़ोलिया (मंदसौर) एवं गंगापुत्र युवा मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष मनीष आर्य मांदौरिया (पिपल्या रावजी) के हवाले से यह जानकारी गंगापुत्र रैगर महासंघ के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी आर्य दिलीप मांदौरिया (कनघट्टी) ने दी। बैठक में प्रतिभा सम्मान समारोह का विस्तृत आय-व्यय समाज के समक्ष रखा जाएगा। साथ ही आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले भामाशाहों एवं समाजजनों का आभार व्यक्त किया जाएगा तथा समाजहित से जुड़े आगामी कार्यक्रमों एवं भविष्य की रणनीति पर भी विचार-विमर्श होगा। समस्त रैगर समाज के बंधुओं से बैठक में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर अपने सुझाव एवं विचार रखने का आग्रह किया गया है, ताकि समाज की एकता और युवा शक्ति को और अधिक मजबूती मिल सके। |