रतलाम। फिल्म प्रेमियों के लिए गुरुवार 25 जून 2026 का दिन खास रहने वाला है। बहुप्रतीक्षित बॉलीवुड फिल्म वेलकम टू द जंगल की स्पेशल स्क्रीनिंग रतलाम के गायत्री सिनेमा में शाम 7 बजे आयोजित की जा रही है। इस अवसर को और भी गौरवपूर्ण बनाने वाली बात यह है कि फिल्म के निर्माण से रतलाम की बेटी रचना तिवारी जैन तथा विशाल विनोद जैन का विशेष जुड़ाव रहा है जिन्होंने मुंबई की फिल्मी दुनिया में अपनी प्रतिभा और मेहनत से अलग पहचान बनाई है।
फिल्म में बॉलीवुड के कई दिग्गज और लोकप्रिय कलाकार नजर आएंगे। इनमें अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी, परेश रावल, आफताब शिवदासानी, राजपाल यादव, जॉनी लीवर, जैकी श्रॉफ, रवीना टंडन, जैकलीन फर्नांडिस, लारा दत्ता, दिशा पाटनी, तुषार कपूर, श्रेयस तलपड़े और अरशद वारसी सहित अनेक सितारे महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे। यही कारण है कि फिल्म को लेकर दर्शकों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।
रतलाम की बेटी एवं युवाम परिवार से जुड़ी रचना तिवारी जैन लंबे समय से फिल्म निर्माण और रचनात्मक क्षेत्र में सक्रिय हैं। वे प्रतिष्ठित सीता फिल्म्स में क्रिएटिव हेड के रूप में कार्यरत हैं और पिछले 15 वर्षों से अधिक समय से संस्था से जुड़ी हुई हैं। अपनी रचनात्मक सोच, समर्पण और कार्यकुशलता के बल पर उन्होंने फिल्म उद्योग में सम्मानजनक पहचान बनाई है। सीता फिल्म्स की अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाओं में उनके योगदान को सराहा गया है। फिल्म निर्माता राकेश डांग के साथ उनकी पेशेवर साझेदारी भी उद्योग में चर्चित रही है।
वहीं विशाल विनोद जैन भी युवाम परिवार से जुड़े हुए हैं और फिल्म जगत में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। वर्तमान में वे मुंबई में एक स्वतंत्र फिल्म निर्माता (इंडिपेंडेंट फिल्म प्रोड्यूसर) के रूप में कार्यरत हैं। फिल्म निर्माण के क्षेत्र में उनकी सक्रियता और रचनात्मक दृष्टिकोण ने उन्हें उद्योग में एक अलग पहचान दिलाई है।
रचना तिवारी जैन और विशाल जैन दोनों ही रतलाम की उस उभरती प्रतिभा का प्रतिनिधित्व करते हैं, जिसने मुंबई जैसे प्रतिस्पर्धी फिल्म उद्योग में अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर सफलता हासिल की है। उनकी उपलब्धि से रतलाम जिले को गौरव की अनुभूति हो रही है।
इस अवसर पर फिल्म प्रेमियों से अपील की गई है कि वे शाम 7 बजे गायत्री सिनेमा पहुंचकर वेलकम टू द जंगल की स्पेशल स्क्रीनिंग का आनंद लें और रतलाम की प्रतिभाओं की इस उपलब्धि का उत्सव मनाएं।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत