|
|
नीमच। जिले में मिलावटखोरों के खिलाफ प्रशासन का सख्त अभियान लगातार जारी है। हिमांशु चंद्रा के निर्देशन में शुक्रवार को जिला प्रशासन की टीम ने ग्राम अरनिया कुमार स्थित एक फर्म पर औचक छापेमार कार्रवाई की। जानकारी के अनुसार प्रशासनिक टीम ने पंकज कुमार नीरज कुमार नामक फर्म का निरीक्षण किया, जहां जांच के दौरान अखाद्य पदार्थ सल्फर और हाइड्रा जैसे हानिकारक केमिकल पाए गए। प्रारंभिक जांच में यह सामग्री मानव स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक मानी गई। नियमों के तहत कार्रवाई करते हुए प्रशासन ने फर्म को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। यह कार्रवाई संजीव साहू, संजय मालवीय एवं राजस्व विभाग की टीम की मौजूदगी में की गई। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने स्पष्ट कहा है कि जिले में खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों या अखाद्य केमिकल का भंडारण एवं विक्रय करने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि इस प्रकार की संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत प्रशासन को दें। उक्त जानकारी तहसीलदार नीमच नगर संजय मालवीय द्वारा दी गई। |