रतलाम | बड़ावदा
रतलाम जिले के बड़ावदा थाना अंतर्गत ग्राम रेवास में गुरुवार को खेत पर काम करने गई एक वृद्ध महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। मृतिका के कानों से सोने की बालियां गायब मिलने पर परिजनों ने लूट के इरादे से हत्या किए जाने की आशंका जताई है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार ग्राम रेवास निवासी 70 वर्षीय तुलसीबाई पति रतनलाल राठौर गुरुवार सुबह रोजाना की तरह खेत पर कृषि कार्य करने गई थीं। मृतका के पुत्र अनोखीलाल राठौर, जो ग्राम पंचायत राजाखेड़ी में सचिव पद पर कार्यरत हैं, ने बताया कि दोपहर करीब 2 बजे उनका बेटा खेत पर चाय देने पहुंचा था। उस समय तुलसीबाई खेत पर बैठी हुई थीं और पूरी तरह सामान्य स्थिति में थीं।
लेकिन शाम करीब 5 बजे जब परिवार के लोग दोबारा खेत पहुंचे तो वहां का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए। तुलसीबाई खेत में औंधे मुंह पड़ी हुई थीं। पास जाकर देखा तो उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की खबर मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश पर एएसपी विवेक कुमार सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
परिजनों ने बताया कि तुलसीबाई हमेशा कानों में करीब डेढ़ तोला सोने की बालियां पहनती थीं, जो घटना के बाद गायब मिलीं। इससे आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात बदमाश ने लूट की नीयत से महिला को निशाना बनाया होगा और पहचान उजागर होने के डर से हत्या कर दी।
सरसी चौकी प्रभारी शिवेंद्र कुमार ने बताया कि मृतका के पैरों में घुटनों के नीचे चोट के निशान मिले हैं तथा आंखों से खून निकलने के संकेत भी पाए गए हैं। हालांकि शरीर पर अन्य गंभीर चोटें नहीं मिलीं। कानों से बालियां गायब हैं, लेकिन कान कटे या क्षतिग्रस्त नहीं पाए गए।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हत्या, लूट और अन्य सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर गहन जांच में जुटी हुई है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत