|
|
नीमच। राजेश व्यास द्वारा मंगलवार को पुलिस कंट्रोल रूम नीमच में जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं चौकी प्रभारियों की मैराथन अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक चली इस बैठक में कानून व्यवस्था, महिला सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और आमजन से बेहतर व्यवहार को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। बैठक में आगामी ईद-उल-जुहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही साम्प्रदायिक घटनाओं की सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों और कंट्रोल रूम को देने को कहा गया। एसपी श्री व्यास ने महिला संबंधी अपराधों में विशेष संवेदनशीलता बरतने और समय सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के लिए “सुजन” अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने तथा पूर्व पीड़ित महिलाओं का मनोबल बढ़ाने हेतु “सम्मान” कार्यक्रम चलाने को भी कहा गया। यातायात व्यवस्था को लेकर शराब पीकर वाहन चलाने वालों, काली फिल्म लगे वाहनों, बिना नंबर वाहनों और तीन सवारी चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। वहीं चोरी की घटनाओं की रोकथाम हेतु रात्रि गश्त और पेट्रोलिंग बढ़ाने पर जोर दिया गया। बैठक में लंबित अपराध, मर्ग, चालान, गुम बालक-बालिकाओं की दस्तयाबी, स्थायी वारंटों की तामिली, मादक पदार्थ तस्करी, गौवंश तस्करी और आदतन अपराधियों के खिलाफ जिला बदर एवं रासुका जैसी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। एसपी श्री व्यास ने स्पष्ट कहा कि थानों और चौकियों में आने वाले फरियादियों से पुलिसकर्मी शांतिपूर्वक एवं सम्मानजनक व्यवहार करें। साथ ही अत्यधिक गर्मी को देखते हुए सभी थानों और चौकियों में आगंतुकों के लिए शीतल जल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में नवल सिंह सिसोदिया, किरण चौहान, रोहित राठौर एवं निकीता सिंह सहित जिले के सभी थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी और संबंधित शाखाओं के अधिकारी उपस्थित रहे। |