रतलाम / सैलाना
नगर के प्रसिद्ध एवं श्रद्धा के केंद्र कालिका माता मंदिर में आधी रात चोरी के प्रयास की बड़ी वारदात सामने आने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। अज्ञात बदमाशों ने मंदिर में घुसने के लिए ताले तोड़े और रेलिंग का दरवाजा क्षतिग्रस्त कर अंदर प्रवेश किया। चोर मंदिर का दानपात्र भी निकाल ले गए थे, लेकिन संभवतः घायल होने और पुलिस गश्ती वाहन को आता देख दानपात्र वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गए।
जानकारी अनुसार रविवार सुबह मंदिर के पुजारी पंडित नवनीत शर्मा मंदिर पहुंचे तो मंदिर के ताले टूटे हुए मिले। अंदर जाकर देखा तो रेलिंग टूटी हुई थी और दानपात्र अपनी जगह से बाहर पड़ा मिला। घटना की सूचना तत्काल सैलाना थाने को दी गई।
प्राथमिक जानकारी में सामने आया है कि देर रात पुलिस दस्ते की गश्ती गाड़ी मंदिर क्षेत्र से निकली थी। इसी दौरान पुलिस वाहन को देख चोर घबरा गए और जल्दबाजी में दानपात्र वहीं छोड़कर भाग निकले। घटनास्थल पर खून के धब्बे मिलने से आशंका जताई जा रही है कि ताला या रेलिंग तोड़ते समय कोई बदमाश घायल हो गया।
सूचना मिलते ही एएसआई हीतेंद्र सिंह परिहार एवं आरक्षक फकीरचंद सोलंकी, मुरली कटारिया मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया।
घटना की जानकारी मिलते ही मंदिर समिति के सदस्य भी मौके पर पहुंचे। मंदिर समिति अध्यक्ष राकेश चंदेल, ओंकारलाल पांचाल सहित समस्त समिति सदस्यों ने घटना पर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की।
फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा घायल संदिग्ध की तलाश में जुट गई है।
Crime reporting Jitendra Kumawat