|
|
लक्ष्मीपुरा गांव में पुराने विवाद ने लिया हिंसक रूप, सिर फूटने से 4 लोग घायल चीताखेड़ा । जीरन थाना क्षेत्र के ग्राम लक्ष्मीपुरा में खेत पर आने-जाने के रास्ते को लेकर चल रहा विवाद शनिवार सुबह हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जिसके बाद एक पक्ष ने मकान की छत से ईंट-पत्थरों की बारिश शुरू कर दी। घटना में एक ही परिवार के कई लोग घायल हो गए, जिनमें एक युवक के सिर में गंभीर चोट आई है। जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार खेत के रास्ते को लेकर पिछले कुछ दिनों से दोनों पक्षों में तनाव बना हुआ था। शनिवार सुबह विवाद अचानक बढ़ गया और पथराव शुरू हो गया। घटना में लालसिंह पिता बंशीलाल बंजारा, कैलाश पिता बंशीलाल बंजारा, श्रवण पिता लालसिंह बंजारा, जितेंद्र पिता कैलाश बंजारा तथा निलेश पिता कैलाश बंजारा निवासी लक्ष्मीपुरा गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी के सिर और शरीर पर अंदरुनी चोटें आईं, जिससे वे लहूलुहान हो गए।घायल परिवार ट्रैक्टर-ट्रॉली से चीताखेड़ा पुलिस सहायता केंद्र पहुंचा। सूचना मिलने पर डायल-100 मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज व कानूनी कार्रवाई के लिए जीरन थाना ले जाया गया। पुलिस ने अमरसिंह पिता सोजी बंजारा, राजू, पप्पू और मदन पिता अमरसिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं दूसरे पक्ष ने भी क्रॉस रिपोर्ट दर्ज कराई है। घायल श्रवण बंजारा के सिर में गंभीर चोट आने पर सिर में 10 टांके लगाए गए हैं और उसे जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। रिपोर्ट : दशरथ जी माली |