रतलाम / ताल
जिले के ताल कस्बे में एक शादी समारोह के दौरान हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया और एक युवक की जान ले ली। डीजे पर अपशब्दों को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ा कि चाकूबाजी तक पहुंच गया। घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल बन गया, लेकिन रतलाम पुलिस ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर पूरे हत्याकांड का खुलासा कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 20 मार्च 2026 की रात ताल कस्बे के भोई मोहल्ले में विवाह समारोह चल रहा था। इसी दौरान डीजे पर गाली-गलौज को लेकर फरियादी पक्ष और डीजे ऑपरेटर माखन उर्फ राहुल कुमावत (निवासी सिलावट गली, मंदसौर) के बीच विवाद हो गया। बात बढ़ने पर माखन अपने साथियों के साथ उग्र हो गया और झगड़ा हिंसक रूप ले बैठा।
विवाद के दौरान माखन उर्फ राहुल कुमावत ने दिलीप माली के पेट में चाकू से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। बीच-बचाव करने आए विनोद भोई और समरथ भोई को भी आरोपियों ने लोहे के पाइप से बेरहमी से पीटा, जिससे वे भी घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल दिलीप माली को तत्काल उपचार के लिए रतलाम ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना ताल पुलिस हरकत में आई और अपराध क्रमांक 203/2026 के तहत धारा 103(1), 109(1), 296(बी), 115(2), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार (भा.पु.से.) ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विवेक कुमार लाल एवं एसडीओपी श्री संदीप मालवीय के मार्गदर्शन में विशेष टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी माखन उर्फ राहुल पिता अजय उर्फ ईश्वर कुमावत (26 वर्ष), निवासी मंदसौर, बापू पिता शंकरलाल कहार (30 वर्ष), निवासी ग्राम बसाड, थाना प्रतापगढ़ (राजस्थान) और हरीश पिता कारुलाल भोई (22 वर्ष), निवासी बादरी भोई मोहल्ला, मंदसौर सहित दो विधि विरुद्ध बाल अपचारियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू, लोहे का पाइप तथा डीजे वाहन (क्रमांक MP13GA5099) जब्त किया गया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों का ताल कस्बे में जुलूस निकालकर सख्त संदेश दिया, जिससे क्षेत्र में अपराधियों में भय और आमजन में सुरक्षा का विश्वास बढ़ा।
इस पूरी कार्रवाई में थाना ताल, थाना बरखेड़ाकलां, थाना आलोट एवं चौकी हाटपिपलिया, माननखेड़ा और ढोढर की पुलिस टीमों की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से यह स्पष्ट संदेश गया है कि जिले में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
Crime reporter Jitendra Kumawat