रतलाम / सरवन
सरवन क्षेत्र के साकड़-पाठड़ी मार्ग पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार से दौड़ रहा टेम्पो अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे उसमें सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसा इतना भीषण था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और 9 लोग घायल हो गए, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने साहस दिखाते हुए घायलों को बाहर निकाला और तुरंत सरवन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। समय रहते मिली मदद से बड़ा नुकसान टल गया, लेकिन कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
डॉक्टर नहीं थे, फिर भी स्टाफ ने संभाली पूरी जिम्मेदारी
हादसे के समय स्वास्थ्य केंद्र पर डॉक्टर रविंद्र डामोर अवकाश पर थे, लेकिन चिकित्सा टीम ने बिना घबराए हालात को संभाला।
फार्मासिस्ट डॉ. पूनम चंद निनामा के नेतृत्व में स्टाफ नर्स गुड्डी भगोरा, प्रभु लाल भाभर, हीराबाई और राहुल ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों का प्राथमिक उपचार शुरू किया। उनकी मुस्तैदी ने गंभीर घायलों को समय पर राहत पहुंचाई।
घायलों की पूरी सूची—कई गांवों के परिवार प्रभावित
हादसे में घायल हुए सभी 9 लोगों के नाम इस प्रकार हैं:
मीरा पति देवीलाल डामोर (65 वर्ष), निवासी मोकापुरा
सगुनबाई पति किसना (60 वर्ष), निवासी खानपुरा
सवड़ीबाई पति कान्हा (45 वर्ष), निवासी खानपुरा
पीरूलाल पिता कोदर (30 वर्ष), निवासी चंदेरा
अनिल पिता सुभाष (10 वर्ष), निवासी लक्ष्मणगढ़
अशोक पिता छगन (15 वर्ष), निवासी रामगढ़
सांवरिया पिता छगन (13 वर्ष), निवासी रामगढ़
सुभाष पिता रामा (35 वर्ष), निवासी लक्ष्मणगढ़
पूजा पिता प्रकाश भूरिया (6 वर्ष), निवासी भाटपचलाना
चार की हालत नाजुक, रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर
प्राथमिक उपचार के बाद चार गंभीर घायलों—मीरा, पीरूलाल, अनिल सहित अन्य को बेहतर इलाज के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार टेम्पो क्रमांक RJ-03-PA-2734 तेज गति में था। चालक नियंत्रण खो बैठा और वाहन पलट गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।
रिपोर्ट: जितेंद्र कुमावत