मंदसौर। नारायणगढ़ पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 70 ग्राम एमडी और 7 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 98 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त मोटर साइकल और मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेर सिंह बघेल तथा अनुविभागीय अधिकारी मल्हारगढ़ श्रीमती कीर्ति बघेल के मार्गदर्शन में की गई। नारायणगढ़ थाना प्रभारी उनि भारत भाबर के नेतृत्व में झार्डा चौकी प्रभारी रितेश डामोर की टीम ने 17 अप्रैल 2026 को काम्बिंग गश्त के दौरान यह सफलता हासिल की।
जानकारी के अनुसार पुलिस टीम ने झार्डा-भंवरासा रोड स्थित बोरखेड़ी इंदौर फंटा के पास घेराबंदी कर कार्रवाई की। मौके से आरोपी मेहजर अली शाह पिता सरफराज अली शाह (22), निवासी मदारपुरा कोलगर गली, मंदसौर को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना नारायणगढ़ में अपराध क्रमांक 87/26 के तहत धारा 8/15, 22 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। जब्त सामग्री में नशीला पदार्थ, करीब 30 हजार रुपये कीमत की बिना नंबर की हीरो स्प्लेंडर प्रो मोटरसाइकिल और 10 हजार रुपये का एंड्रॉइड मोबाइल फोन शामिल है।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे तत्वों पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।