रतलाम/जावरा
जावरा शहर से चोरी हुई मारुति ईको कार के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराज्यीय चोर को राजस्थान के कोटा से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए कार की नंबर प्लेट तक बदल दी थी, लेकिन पुलिस की सतर्कता और तकनीकी जांच के आगे उसकी चालाकी ज्यादा देर तक नहीं चल सकी।
जानकारी के अनुसार जावरा के तिलक नगर निवासी महेंद्र चावला (48) के घर के बाहर खड़ी उनकी मारुति ईको कार (MP-43-CB-1398) 19-20 फरवरी की दरमियानी रात अज्ञात बदमाश चुरा ले गया था। कार में कई इलेक्ट्रॉनिक सामान भी रखा हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही जावरा शहर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
रतलाम पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल तथा नगर पुलिस अधीक्षक युवराज सिंह चौहान के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने करीब 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की और उसे कोटा (राजस्थान) से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सैय्यद ओसाफ अली (37) निवासी बोरखेड़ा, कोटा (राजस्थान) के रूप में हुई है। आरोपी ने चोरी की कार की असली नंबर प्लेट हटाकर उसकी जगह RJ-27-CB-7488 नंबर की प्लेट लगा दी थी, ताकि पुलिस को भ्रमित किया जा सके। हालांकि पुलिस की पैनी नजर से वह बच नहीं सका।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी गई कार के साथ 18 इंडक्शन चूल्हे, 5 वॉटर हीटर, 2 मिक्सर, 1 सीलिंग फैन सहित अन्य सामान बरामद किया है। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत करीब 5 लाख 40 हजार रुपये बताई जा रही है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक दीपक कुमार मंडलोई (थाना प्रभारी जावरा शहर), निरीक्षक अमित कुमार कोरी (तत्कालीन थाना प्रभारी), उपनिरीक्षक चंद्रशेखर डिगा, सहायक उपनिरीक्षक नरेश सिंह कुशवाह, प्रधान आरक्षक जाकिर खान, प्रधान आरक्षक मृदंग सातपुते, प्रधान आरक्षक जगदीशचंद्र, आरक्षक राधेश्याम चौहान, आरक्षक नारायण सिंह, आरक्षक शैलेन्द्र सिंह सिसौदिया, आरक्षक आकाश परिहार, आरक्षक रामप्रसाद मीणा, आरक्षक ललित सिंह जगावत तथा साइबर सेल के आरक्षक तुषार की सराहनीय भूमिका रही।
क्राइम रिपोर्टर जितेंद्र कुमावत