शिवपुरी
शिवपुरी (मध्य प्रदेश) में कोचिंग टीचर द्वारा नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है, जिसने पूरे क्षेत्र में आक्रोश पैदा कर दिया है। फिजिकल थाना क्षेत्र के पटेल नगर में रहने वाले कोचिंग संचालक राकेश बिजौले पर 16 वर्षीय छात्रा के साथ अश्लील हरकत करने का आरोप लगा है।
घटना 11 मार्च 2026 की शाम को हुई। छात्रा के अनुसार, शाम करीब 4:30 बजे रास्ते में टीचर ने उसकी जीन्स की डिजाइन देखकर बुरी नीयत से उसके घुटने को छुआ, जिससे वह घबरा गई। बाद में शाम लगभग 6 बजे कोचिंग क्लास में अन्य बच्चे चले जाने के बाद टीचर ने कम नंबर आने का बहाना बनाकर उसे रोक लिया। फिर कंधे से पकड़कर उठाया, गले लगाया और गाल पर किस किया। डर के मारे छात्रा चुप रही और घर लौट गई।
अगले दिन 12 मार्च को सदमे से उबरकर उसने परिजनों को पूरी घटना बताई। परिजनों ने तुरंत फिजिकल थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत FIR दर्ज की, जिसमें POCSO एक्ट की धारा 7(1), 11 और 12 लगाई गई हैं। बच्ची का बयान दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। पुलिस ने आरोपी राकेश बिजौले को गिरफ्तार कर लिया है तथा आगे की कार्रवाई चल रही है।
क्षेत्र में लोगों में भारी रोष है। कई लोग आरोपी का जुलूस निकालने की मांग कर रहे हैं, ताकि समाज जागरूक हो। उल्लेखनीय है कि इसी थाना क्षेत्र में 9-10 मार्च को 6 वर्षीय दो बच्चियों से छेड़छाड़ के एक आरोपी का पुलिस ने जुलूस निकाला था, जिसकी लोग सराहना कर रहे थे। अब दोबारा ऐसा मामला आने से नाराजगी और बढ़ गई है।
लोग इसे बेहद शर्मनाक बता रहे हैं और सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
Crime reporter Jitendra Kumawat