13 घंटे की अथक मेहनत से मेहंदी में उकेरी हरखियाखाल बालाजी महाराज की भव्य तस्वीर, हुनर और श्रद्धा का अद्भुत संगम बनी कलाकृति
नीमच/हरवार। कहते हैं कि हुनर किसी पहचान का मोहताज नहीं होता और जब मेहनत के साथ जुनून का संगम हो जाए, तो सफलता खुद कदम चूमने लगती है। कुछ ऐसी ही मिसाल पेश की है नीमच जिले के छोटे से गांव हरवार की बेटी और राजस्थान के निम्बाहेड़ा की बहू माया गुर्जर ने, जिन्होंने अपनी अद्भुत मेहंदी कला से ऐसा कमाल कर दिखाया कि देखने वाले भी दांतों तले उंगली दबाने को मजबूर हो जाएं
हरवार निवासी घीसालाल गुर्जर की बेटी माया पति अमित गुर्जर को बचपन से ही मेहंदी कला के प्रति गहरा लगाव रहा है। बचपन में पनपा यह शौक आज उनके लिए हुनर की पहचान और सफलता की नई इबारत लिखने का जरिया बन गया है।
माया ने अपनी कला का ऐसा जादू बिखेरा कि हरखियाखाल के प्रसिद्ध बालाजी महाराज की भव्य तस्वीर मेहंदी से तैयार कर दी। इस अद्भुत कलाकृति को आकार देने में उन्हें लगातार करीब 13 घंटे तक कड़ी मेहनत करनी पड़ी। हाथों की बारीकी, एकाग्रता और धैर्य का ऐसा संगम देखने को मिला कि मेहंदी की हर लकीर मानो अपनी कहानी खुद बयां कर रही हो।
माया ने ऐसी ही अन्य देवी देवताओं की आकृतियां भी मेहंदी से सजाई है।
यह महज मेहंदी से बनाई गई तस्वीर नहीं, बल्कि माया की अटूट श्रद्धा, समर्पण और कला के प्रति जुनून का जीवंत प्रमाण है। जहां आज लोग सफलता की सीढ़ियां चढ़ने के लिए शॉर्टकट तलाशते हैं, वहीं माया ने साबित कर दिया कि मंजिल उन्हीं को मिलती है, जिनके सपनों में जान और इरादों में दम होता है।
माया गुर्जर का सपना है कि उनकी मेहंदी कला को देशभर में पहचान मिले और वे इस क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुएं। उनका यह हुनर उन बेटियों के लिए भी प्रेरणा है, जो छोटे गांवों में रहकर बड़े सपने देखती हैं।
कहते हैं कि प्रतिभा कभी चारदीवारी में कैद नहीं रहती। जरूरत होती है तो बस उसे निखारने के जुनून की। माया ने अपनी मेहनत से यह साबित कर दिया कि **गांव की गलियों से निकलकर भी हुनर की गूंज देशभर में सुनाई दे सकती है।
हरवार की इस होनहार बेटी की उपलब्धि पर निश्चित ही परिवार, गांव और क्षेत्र को गर्व है। माया गुर्जर की यह कलाकृति आने वाली पीढ़ियों को संदेश देती रहेगी कि मेहनत का रंग जब हुनर पर चढ़ता है, तो कामयाबी की तस्वीर अपने आप बन जाती है।
विनोद सांवला हरवार