रतलाम /सरवन। दीपावली का त्योहार खुशियों, उत्साह और आपसी भाईचारे का प्रतीक है, लेकिन त्योहार की आड़ में अव्यवस्था फैलाने, हुड़दंग मचाने और आम नागरिकों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को अब सरवन में बख्शा नहीं जाएगा। दीपावली के दौरान बाजार में उमड़ रही भारी भीड़ और हाल ही में सामने आई अव्यवस्थाओं के बीच सरवन पुलिस एवं ग्राम पंचायत प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। गुरुवार को थाना प्रभारी राजशेखर वर्मा एवं ग्राम पंचायत सचिव ईश्वर मालवीय पुलिस बल और पंचायत कर्मचारियों के साथ नगर के प्रमुख बाजारों में पैदल भ्रमण पर निकले। इस दौरान अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को सख्त हिदायत दी गई, वहीं त्योहार का माहौल बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों और हुड़दंगियों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई का संदेश दिया गया।
पैलेस से असाड़ी चौराहे तक पुलिस की पैदल गश्त
संयुक्त पैदल भ्रमण के दौरान पैलेस से आजाद चौक, पुरानी चौकी, सदर बाजार, प्रेम गली और असाड़ी चौराहे तक बाजार एवं प्रमुख मार्गों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान दुकानों के बाहर सामान रखकर रास्ता बाधित करने और सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को समझाइश दी गई। स्पष्ट किया गया कि दुकान का सामान निर्धारित सीमा के भीतर ही रखा जाए, ताकि बाजार में खरीदारी करने आने वाले लोगों, महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को आवागमन में परेशानी न हो। आज समझाइश, कल से अतिक्रमण पर सख्त कार्रवाई
थाना प्रभारी राजशेखर वर्मा ने दुकानदारों को स्पष्ट हिदायत दी कि सार्वजनिक रास्तों पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
दुकानदार स्वयं अतिक्रमण हटा लें, अन्यथा आगामी दिन से नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। त्योहार के दौरान बाजार में यातायात और आम नागरिकों की आवाजाही बाधित करने वालों पर भी प्रशासन की नजर रहेगी।
आतिशबाजी (फटाखा) बाजार स्थल और ग्राउंड का भी किया निरीक्षण
दीपावली के मद्देनजर थाना प्रभारी राजशेखर वर्मा ने आतिशबाजी (फटाखा) बिक्री स्थल एवं निर्धारित ग्राउंड का भी निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, पटाखों की दुकानों के लिए निर्धारित स्थान और आवश्यक सावधानियों को लेकर जायजा लिया गया। पटाखा कारोबारियों को सुरक्षा नियमों का पालन करने और निर्धारित स्थल पर ही दुकानें लगाने के निर्देश दिए गए, ताकि त्योहार के दौरान किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को रोका जा सके।
हुड़दंगियों को भी साफ संदेश—त्योहार की शांति भंग की तो नहीं मिलेगी राहत
इस बार पुलिस का संदेश केवल अतिक्रमण तक सीमित नहीं है। त्योहार के दौरान शराब पीकर उत्पात मचाने, आपसी विवाद करने, मारपीट, हुड़दंग और सार्वजनिक स्थानों पर अशांति फैलाने वाले तत्वों पर भी पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। किसी भी व्यक्ति को कानून हाथ में लेने या दीपावली के शांतिपूर्ण माहौल को बिगाड़ने की छूट नहीं दी जाएगी।
पुलिस की प्राथमिकता है कि बाजार में आने वाला प्रत्येक नागरिक सुरक्षित महसूस करे और व्यापारी बिना किसी परेशानी के अपना कारोबार कर सकें।
पुलिस और पंचायत की संयुक्त टीम मैदान में
इस पैदल भ्रमण में थाना प्रभारी राजशेखर वर्मा के साथ प्रधान आरक्षक विजय शेखावत, प्रधान आरक्षक रमाकांत, आरक्षक नितेश नरवैया, महिला आरक्षक नेहा, ग्राम पंचायत सचिव ईश्वर मालवीय एवं पंचायत कर्मी राजेश जोशी मौजूद रहे।
अब सरवन में मनमानी नहीं, व्यवस्था के साथ मनेगा दीपोत्सव!
दीपावली के अवसर पर सरवन के बाजार में बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस एवं ग्राम पंचायत की यह संयुक्त पहल महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अब निगाहें आगामी दिनों की कार्रवाई पर रहेंगी। दुकानदारों द्वारा अतिक्रमण हटाने से लेकर बाजार में शांति व्यवस्था बनाए रखने तक प्रशासन की सक्रियता की असली परीक्षा होगी।
पुलिस का स्पष्ट संदेश है—दीपावली मनाइए, खुशियां बांटिए, कानून का पालन कीजिए; लेकिन अतिक्रमण, हुड़दंग, मारपीट और अशांति फैलाने की कोशिश की तो कार्रवाई के लिए तैयार रहिए। त्योहार की खुशियों में खलल डालने वालों के लिए सरवन में कोई जगह नहीं होगी।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत